‘तेजस्वी की सभा में पीएम मोदी की मां को दी गईं गाली’, भाजपा का दावा; शेयर किया वीडियो

वैशाली: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले राज्य का सियासी पारा चढ़ता ही जा रहा है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वैशाली में हुई सभा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का दावा है कि तेजस्वी की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे गए। इस घटना को लेकर बिहार बीजेपी और बीजेपी के नेताओं ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है।

भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया सेल प्रमुख अमित मालवीय, बिहार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विधायक लखेंद्र पासवान और अन्य नेताओं ने एक वीडियो जारी करते हुए आरोप लगाया कि महुआ विधानसभा क्षेत्र में आरजेडी की सभा के दौरान पीएम मोदी और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया। वीडियो में भीड़ की ओर से कथित रूप से अपशब्द कहे जाने का दावा किया गया है।

आज फिर पातेपुर विधानसभा में राजद की जनसभा में प्रधानमंत्री जी की माताजी के लिए अत्यंत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। मंच पर तेजस्वी यादव मौजूद थे लेकिन उन्होंने अपने समर्थकों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।पहले बिहार कांग्रेस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से वीभत्स वीडियो जारी… — Amit Malviya (@amitmalviya) September 20, 2025

यह मामला उस समय का है जब तेजस्वी यादव अपनी ‘बिहार अधिकार यात्रा’ के तहत वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान तेजस्वी के साथ मंच पर महुआ से आरजेडी विधायक डॉ. मुकेश रौशन भी मौजूद थे। हालांकि, अभी तक तेजस्वी यादव की ओर से इस आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

बिहार भाजपा ने एक्स अकाउंट पर क्या लिखा?

बिहार बीजेपी ने लिखा, “गालीबाज आरजेडी- तेजस्वी की माई-बहिन गालीबाज योजना। तेजस्वी ने अपनी रैली में फिर से मोदी जी की स्वर्गीय माता जी को गाली दिलवाई। आरजेडी के कार्यकर्ता जितना गाली दे रहे थे तेजस्वी उतना ही उनका हौसला बढ़ा रहे थे। राजद-कांग्रेस की रैलियों का आजकल एक सूत्री कार्यक्रम चल रहा है ‘माई-बहिन को गाली दो’ गालीबाजी जारी है इनकी।”

गालीबाज आरजेडी – तेजस्वी की माई-बहिन गालीबाज योजना तेजस्वी ने अपनी रैली में फिर से मोदी जी की स्वर्गीय माता जी को गाली दिलवाई। आरजेडी के कार्यकर्ता जितना गाली दे रहे थे तेजस्वी उतना ही उनका हौसला बढ़ा रहे थे।राजद-कांग्रेस की रैलियों का आजकल एकसूत्री कार्यक्रम चल रहा है-…

बिहार भाजपा ने आगे लिखा, “इनकी गुंडई की मानसिकता, कुंठा और हताशा चरम पर पहुंच चुका है। मां का अपमान करने वालों को बिहार की जनता माफ नहीं करेगी, इनके गिरे हुए संस्कार का प्रतीक है। हर गाली का हिसाब करेगी बिहार की माताएं-बहने।”

तेजस्वी यादव ने फिर दिलवाई- मोदी जी की मृत माताजी को गाली। इन्होंने बिहार की संस्कृति को एक बार फिर तार-तार कर दिया।रैली में आरजेडी के कार्यकर्ता जितना ही गाली दे रहे, तेजस्वी उतना ही हौसला बढ़ा रहे थे। इस गुंडई की मानसिकता और गाली का हिसाब बिहार की माताएँ-बहनें जरूर करेंगी।

क्या बोले सम्राट चौधरी?

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव के मंच से उनकी मौजूदगी में एक बार फिर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताश्री को गाली दी गई। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र का घोर अपमान है। उन्होंने सवाल पूछा कि, क्या यही है विपक्ष की राजनीति?। क्या मां-बहनों को गाली देना ही उनका संस्कार और हथियार बन गया है?। बिहार की जनता इस गंदी राजनीति को अच्छी तरह समझ रही है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

बीजेपी के दावे पर आरजेडी विधायक ने क्या कहा?

आरजेडी के महुआ विधायक मुकेश रौशन ने बीजेपी के आरोपों पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी महुआ में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान भाषण दे रहे थे। यह भाषण मेरे फेसबुक पेज पर है, जिसे आप सुन सकते हैं। उसमें पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता ने पीएम मोदी को कोई गाली नहीं दी।

महुआ आरजेडी विधायक मुकेश रौशन ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने सोशल मीडिया पर जो भाषण पोस्ट किया है, उसमें तेजस्वी यादव के भाषण की आवाज तक नहीं है। ऐसा लगता है कि यह वीडियो तोड़-मरोड़ कर तेजस्वी यादव को बदनाम करने की कोशिश है।