Endoscopic Video: न्यूयॉर्क सिटी की रहने वाली गिन मिंस्की प्रोफेशनल स्वॉर्ड स्वालोअर हैं. हाल ही में उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया. इस वीडियो में उनके गले के अंदर तलवार जाते हुए साफ दिखाई दे रही है. यह नजारा न सिर्फ डरावना बल्कि अद्भुत भी है.
वीडियो कैसे बनाया गया?
यह वीडियो कोलंबिया यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में शूट किया गया. इसमें एक एंडोस्कोपिक कैमरा का इस्तेमाल किया गया, जिससे तलवार उनके लैरिंक्स (voice box) और इसोफेगस (भोजन नली) से गुजरते हुए दिखाई देती है. यह वीडियो मेडिकल एजुकेशनल सीरीज का हिस्सा था, जहां डॉक्टर और एक्सपर्ट्स अलग-अलग कलाकारों के गले का अध्ययन कर रहे थे.
डॉक्टरों ने क्या कहा?
कोलंबिया के लैरिंजोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. माइकल पिटमैन ने बताया, “इस वीडियो से हमें गले और वॉइस बॉक्स की अंदरूनी संरचना को हाई डिटेल में देखने का मौका मिला.” वहीं, स्पीच-लैंग्वेज पैथोलॉजिस्ट हॉली रेकर्स ने कहा कि गले का ऐसा लाइव दृश्य देखना वाकई दिमाग हिला देने वाला अनुभव है.
क्या हुआ जब महिला ने तलवार निगली?
गिन मिंस्की ने करीब 18 इंच लंबी तलवार अपने गले में उतारी. उन्होंने बताया कि यह कला खतरनाक तो है लेकिन उन्होंने कभी गंभीर चोट नहीं खाई. हालांकि, कभी-कभी अगर उन्होंने पहले कुछ मसालेदार खा लिया हो तो एसिडिटी की वजह से असुविधा जरूर होती है. सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के बाद लोग हैरान रह गए. कुछ ने इसे अद्भुत कला बताया तो कुछ ने इसे खतरनाक स्टंट करार दिया. कई यूजर्स ने कहा कि इस तरह का वीडियो गले की कार्यप्रणाली को समझने में मेडिकल छात्रों के लिए काफी उपयोगी हो सकता है.