पटना: बिहार में कुत्ता भौंकने के विवाद में खून बह गया। एक युवक ने अपने चचेरे भाई की गोली मार हत्या कर दी। घटना राजधानी पटना के फतुहा की है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों से जानकारी मिली फतुहा थाना क्षेत्र के माल बीघा गांव में रविवार की देर रात्रि धीरज कुमार का कुत्ता अपने बगल के पड़ोसी पप्पू कुमार को देखकर भोंकने लगा। इस छोटी सी बात को लेकर पप्पू और धीरज के बीच कहा सुनी हो गई। धीरज ने पप्पू को पीट दिया। गुस्से में पप्पू अपने घर गया और कट्टा लेकर आ गया। बात होते-होते उसने धीरज पर गोली चला दी। वह जख्मी होकर गिर गया। यह देखकर कई लोग जुट गए और पप्पू की जोरदार पिटाई कर दी।
दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां धीरज को मृत घोषित कर दिया गया। पप्पू को डॉक्टर ने भर्ती कर लिया। पुलिस को लोगों ने सूचना दी। अस्पताल पहुंची पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया। गंभीर स्थिति होने के कारण उसे पटना रेफर कर दिया गया है। पटना ले जाते पप्पू को रोकने की कोशिश की गयी और धीरज के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया। मौके पर पहुंचे फतुहा डीएसपी अवधेश कुमार ने परिजनों को समझने की कोशिश की लेकिन, वे मानने को तैयार नहीं थे। बार-बार एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ी को रोकने के प्रयास में गाड़ी के सामने आ जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें साइड कर पप्पू को पटना भेजा।
डीएसपी ने घटना की पुष्टि की और बताया कि छानबीन की जा रही है। घटना स्थल पर पुलिस को भेजा गया है। वहां से साक्ष्य का संकलन कराया जाएगा। पप्पू से पूछताछ की जाएगी। धीरज का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।