ग्रेटर नोएडा में 25-29 सितंबर तक ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, घर से निकलने से पहले जान लें अपना रूट

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025’ को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है. लाखों आगंतुकों और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए पुलिस ने कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध, डायवर्जन और पार्किंग की नई व्यवस्था तय की है. इस दौरान आमजन को परेशानी से बचाने के लिए पुलिस ने लोगों से मेट्रो सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील भी की है.

मालवाहक वाहनों पर रोक
पुलिस के अनुसार, 24 से 29 सितंबर तक रोज सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और एक्सपोमार्ट के आसपास के मार्गों पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि दूध, फल, सब्जी और चिकित्सीय आपूर्ति करने वाले वाहनों को छूट दी गई है. वहीं दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़ और खुर्जा की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं.

यात्री वाहनों के लिए रूट प्लान
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन हिंडन कट या गलगोटिया कट से होकर नासा गोलचक्कर की पार्किंग तक पहुंचेंगे.
सूरजपुर और परीचौक की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर और शारदा गोलचक्कर होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक जाएंगे.
यदि नासा (बड़ा) गोलचक्कर की पार्किंग भर जाती है तो वाहनों को केसीसी, जुबिलिएन्ट और यूनाइटेड कॉलेज की पार्किंग में भेजा जाएगा.
ट्रेड शो समाप्त होने के बाद सभी वाहन सीधे पार्किंग से बाहर निकलकर शारदा व एलजी गोलचक्कर होते हुए सूरजपुर, फेस-2 और ककराला की ओर जाएंगे.
दिल्ली/गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को एनएच-24/09 का उपयोग करने की सलाह दी गई है.
यमुना एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न पेरिफेरल जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.

दिल्ली से आने-जाने वाले वाहनों के लिए बदलाव
दिल्ली से चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी बॉर्डर से प्रवेश करने वाले भारी वाहनों और ट्रकों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा. वहीं, यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रक जेवर टोल से पहले ही अलीगढ़ और खुर्जा की ओर भेजे जाएंगे. इसी तरह सूरजपुर, परीचौक और होंडा सीएल चौक से भी मालवाहक वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा.