Shreyas Iyer: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर फैंस को एक के बाद एक झटके देते नजर आ रहे हैं. अय्यर के कप्तानी छोड़ने के चर्चे थमे नहीं थे कि अय्यर ने एक और चौंकाने वाला फैसला किया है. खबर है कि अय्यर ने बीसीसीआई को उन्होंने लेटर लिख सरप्राइज कर दिया है. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है. इसकी वजह भी उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को बता दी है.
अय्यर ने छोड़ी थी कप्तानी
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चल रही सीरीज में अय्यर को टीम इंडिया का कप्तान चुना गया था. लेकिन दूसरे मैच से पहले ही अय्यर ने अपना नाम इस सीरीज से वापस लिया और सभी को चौंका दिया. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से बात की और एक ईमेल के जरिए बीसीसीआई से ब्रेक की अपील कर दी है. इंग्लैंड दौरे से श्रेयस अय्यर को टेस्ट स्क्वाड से ड्रॉप किया गया था. लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर के पहले हफ्ते में होने वाली सीरीज से पहले अय्यर की इस खबर से खलबली मच चुकी है.
क्या है वजह?
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि श्रेयस अय्यर ने बीसीसीआई को लेटर लिख पीठ में अकड़न और थकान की समस्या बताई है, जिसकी वजह से वह रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक ले रहे हैं. रिपोर्ट में बताया गया, ‘उन्होंने हमें सूचित किया है कि वह लाल गेंद वाले क्रिकेट से ब्रेक लेंगे और यह अच्छी बात है कि उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है क्योंकि चयनकर्ता अब उनके भविष्य को लेकर स्पष्ट हैं. वह आने वाले महीनों में लाल गेंद वाला क्रिकेट नहीं खेलेंगे और उन्होंने बोर्ड को सूचित किया है कि वह भविष्य में फिजियो और ट्रेनर से सलाह लेकर अपने शरीर का आकलन करेंगे और फिर इस पर फैसला लेंगे.’
पिछले साल विवादों में रहे थे अय्यर
श्रेयस अय्यर के आंकड़े टेस्ट क्रिकेट में शानदार रहे हैं. लेकिन इंजरी उनके करियर में रोड़ा बनी. पिछले साल इंजरी के चलते अय्यर का नाम विवादों में आ गया था. अय्यर ने पिछले साल एमसीए को रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए फिट नहीं बताया था लेकिन नेशनल क्रिकेट अकेडमी के खेल विज्ञान और चिकित्सा के तत्कालीन प्रमुख नितिन पटेल ने सेलेक्टर्स को एक मेल लिखा था जिसमें उन्होंने लिखा कि अय्यर फिट हैं और उनके पास कोई इंजरी की रिपोर्ट नहीं है.
इंग्लैंड दौरे से हुए ड्रॉप
पिछले महीने खत्म हुए इंग्लैंड दौरे पर अय्यर को सेलेक्टर्स ने स्क्वाड में तरजीह नहीं दी थी. जिसके बाद जमकर बवाल भी देखने को मिला. सेलेक्शन कमेटी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. लेकिन अब अय्यर के टेस्ट में कमबैक के चर्चे तेज थे. वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनका चयन लगभग तय माना जा रहा था तो अय्यर ने अचानक ब्रेक लेने का फैसला कर सभी को चौंका दिया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अय्यर की जगह कौन सा प्लेयर टीम में शामिल होता है.