Ashok Gehlot targeted BJP : राजस्थान में निकाय चुनावों की तारीखों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। अशोक गहलोत ने कहा कि संविधान का अपमान करना भाजपा के डीएनए में है।
लोकतंत्र का गला घोंटने के बराबर
कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकांउट पर लिखा कि राज्य की भाजपा सरकार को अविलंब निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा करनी चाहिए। अशोक गहलोत ने आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान का अपमान करना भाजपा के डीएनए में है। जिस तरह से भाजपा सरकार शहरी निकाय के चुनावों को टाल रही है वो लोकतंत्र का गला घोंटने के बराबर है।
अविलंब निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा करे सरकार
अशोक गहलोत ने कहा कि अब तो उच्च न्यायालय ने भी कह दिया है कि शहरी निकायों में चुनाव की तारीख घोषित करें। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा संविधान, लोकतंत्र और न्यायालय सबकी अवेहलना करती रहेगी। भाजपा सरकार को अविलंब निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा करनी चाहिए।
स्थानीय स्तर पर शासन शून्यता पैदा हो सकती है – राजस्थान हाईकोर्ट
राजस्थान हाईकोर्ट ने कहा कि संवैधानिक प्रावधान के बावजूद राज्य सरकार और चुनाव आयोग ने नगर पालिकाओं के चुनाव कराने के लिए निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं किया है। याचिकाकर्ताओं का कार्यकाल गत जनवरी माह में पूरा हो चुका है। ऐसे में एसडीओ को प्रशासक लगाया गया, लेकिन यह व्यवस्था केवल छह माह के लिए ही हो सकती है। लंबे समय तक चुनाव नही होने से स्थानीय स्तर पर शासन शून्यता पैदा हो सकती है, जिससे शहरी क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर गतिविधियां प्रभावित होगी।