मुजफ्फरनगर। एशिया कप T20 के फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस जीत के बाद मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर देर रात तक जोरदार जश्न मनाया गया। जनपदवासियों ने इस ऐतिहासिक जीत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
शहर के शिव चौक पर बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और जमकर आतिशबाजी की। युवाओं ने शिव चौक पर स्थित घंटा बजाकर भी अपनी खुशी का इजहार किया, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।जश्न के दौरान युवाओं ने जोशीले नारे लगाए। “भारत माता की जय”, “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के नारों से शिव चौक गूंज उठा।
इस दौरान कुछ युवाओं ने ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए।जीत के बाद शिव चौक पर पुलिस बल भी तैनात रहा। हाथों में तिरंगा झंडा लिए युवा पूरे जोश के साथ जश्न मनाते दिखे। भारत के इस शानदार प्रदर्शन और जीत ने न केवल मुजफ्फरनगर बल्कि पूरे देश के क्रिकेट प्रेमियों को उत्साह और गर्व से भर दिया है।