8.45 लाख बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार! सीएम मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान

MP LIVE: हरदा ज़िले के खिरकिया में आज का दिन बेहद खास रहने वाला है. यहां प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) से जुड़े बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस मौके पर सीएम ने ऐसा बड़ा ऐलान किया है जिसने लाखों बच्चों और उनके परिवारों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है.

सरकार ने साफ कर दिया है कि प्रदेश के अशासकीय यानी प्राइवेट स्कूलों को बच्चों की पढ़ाई का पैसा अब सीधे सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किया जाएगा. इसके लिए कुल 489 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि 20 हजार 652 स्कूलों को अंतरित की जाएगी. यानी अब बच्चों की फीस का भुगतान सीधे सरकार करेगी और माता-पिता को किसी तरह की चिंता करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी.

सबसे बड़ी राहत तो उन 8 लाख 45 हजार बच्चों को मिली है जो 2023-24 में नि:शुल्क पढ़ाई कर रहे हैं. इनकी पूरी फीस सरकार अपने खज़ाने से चुकाएगी. ये कदम उन परिवारों के लिए वरदान साबित होगा जो बच्चों को अच्छे स्कूलों में पढ़ाना तो चाहते थे लेकिन फीस की चिंता उन्हें रोक देती थी.

कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव सिर्फ शिक्षा की बात तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों का भी भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही वे कई जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को राशि वितरण भी करेंगे. यानी आज का दिन शिक्षा के साथ-साथ विकास और कल्याण की घोषणाओं से भरपूर रहेगा.