इंडिया में 40,000 कमाने वाले देख लो… स्विटजरलैंड में 7 लाख कमाने वाला भी बेबस, डच-भारतीय कपल ने खोली पोल

India vs Switzerland Salary: क्या विदेश की मोटी सैलरी सच में आपको अमीर बनाती है? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब बवाल मचा रहा है. इसमें एक डच-भारतीय कपल ने भारत की ₹40,000 की मामूली सैलरी की तुलना स्विट्जरलैंड की ₹7,00,000 की भारी-भरकम सैलरी से की है. इस वीडियो को देखने के बाद लोग सोच में पड़ गए हैं कि आखिर बचत कहां ज्यादा है.

विदेश जाने का क्रेज युवाओं में हमेशा से रहा है. लोगों को लगता है कि बाहर जाते ही बैंक बैलेंस बढ़ जाएगा. लेकिन इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर कंटेंट बनाने वाले कपल चांतल और गुरु ने इस भ्रम को तोड़ दिया है. उन्होंने एक वीडियो बनाकर लोगों को हकीकत दिखाई है. चांतल डच हैं और गुरु भारतीय हैं. दोनों ने मिलकर स्विट्जरलैंड और भारत के खर्चों का जो हिसाब लगाया है, वह हर किसी को हैरान कर रहा है.

7 लाख सुनकर चौंकिए मत
वीडियो में कपल ने दिखाया कि स्विट्जरलैंड की 7 लाख रुपये की सैलरी सुनने में जितनी बड़ी लगती है, उतनी है नहीं. कपल का कहना है कि 7 लाख की सैलरी तब तक ही अच्छी लगती है जब तक आप वहां का किराया नहीं देख लेते. वीडियो में दोनों ने बारी-बारी से दोनों देशों के खर्चों को समझाया है. जहां चांतल ने भारत के खर्चों की बात की, वहीं गुरु ने स्विट्जरलैंड के खर्चों का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया.

किराए का बड़ा अंतर
सबसे बड़ा झटका तब लगता है जब बात रहने के खर्च यानी रेंट की आती है. कपल के मुताबिक, भारत में जिस तरह के घर का किराया करीब ₹20,000 होता है, ठीक उसी तरह के घर के लिए स्विट्जरलैंड में लगभग ₹2,00,000 रुपये चुकाने पड़ते हैं. यानी सैलरी का एक बहुत बड़ा हिस्सा सिर्फ रहने में ही चला जाता है. इसके बाद बाकी खर्चों की लाइन लग जाती है.

बच्चों की पढ़ाई और खाना
बात सिर्फ किराए तक सीमित नहीं है. कपल ने ग्रोसरी, हेल्थ इंश्योरेंस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के खर्चों की भी तुलना की. सबसे हैरान करने वाला अंतर चाइल्डकेयर यानी बच्चों की देखभाल में दिखा. भारत में जहां इसके लिए महीने का ₹5,000 खर्च होता है, वहीं स्विट्जरलैंड में यह बढ़कर ₹1,50,000 रुपये महीना हो जाता है. ऐसे में इतनी मोटी सैलरी होने के बाद भी जेब खाली होने लगती है.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं. कुछ लोगों को यह कैलकुलेशन बहुत सही लगी और उन्होंने कपल की तारीफ की. वहीं कुछ यूजर्स ने इस पर सवाल भी उठाए. एक यूजर ने लिखा कि आप सिर्फ पैसों की तुलना कर रहे हैं, लेकिन वहां की सड़कों की हालत, साफ हवा, कम भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा का क्या?

इस सवाल पर कपल ने भी बहुत ही शालीनता से जवाब दिया. उन्होंने कहा कि यह बहुत अच्छा पॉइंट है. इस वीडियो में वे सिर्फ पैसों और फाइनेंस की तुलना कर रहे थे. लेकिन आने वाले समय में वे लाइफ क्वालिटी, सुरक्षा और बाकी चीजों पर भी वीडियो जरूर बनाएंगे. आपको बता दें कि यह कपल अपने सोशल मीडिया पर अक्सर दो अलग-अलग संस्कृतियों के खान-पान, रहन-सहन और लाइफस्टाइल पर मजेदार वीडियो शेयर करता रहता है.