बिहार: शिवहर में पूर्व मुखिया को गोलियों से भूना, मौत के बाद इलाके में जबर्दस्त तनाव

Bihar: Former chief was gunned down in Sheohar, tremendous tension in the area after death
Bihar: Former chief was gunned down in Sheohar, tremendous tension in the area after death
इस खबर को शेयर करें

शिवहर: बिहार में सोमवार की सुबह सुबह अपराधियों ने कानून व्यवस्था को बड़ी चुनौती दी। शिवहर में पंचायती राज प्रतिनिधियों पर जानलेवा हमले की और बड़ी वारदात हुई है। जिले के रामबन रोहुआ पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया पति सुबोध राय को बाइक सवार अपराधियों ने गोलियों से भून दिया। घटना श्यामपुर भटहां थाना के रोहुआ गांव की है। सुबोध राय की पत्नी मुन्नी देवी वर्तमान में इसी पंचायत की मुखिया हैं। घटना मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई।

इससे पहले भी शिवहर के एक चर्चित मुखिया श्री नारायण सिंह को भी दिन दहाड़े अपराधियों ने खदेड़कर गोलियों से छलनी कर दिया था।

जानकारी के मुताबिक सुबोध राय सोमवार की सुबह अपने पंचायत क्षेत्र में घुमने निकले थे। रामबन में ही बाइक सवार दो अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें तीन गोली लगी है। गोली लगने से वे घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गये। उन्हें तुरंत मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच लाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पूर्व मुखिया सुबोध राय जनअधिकार पार्टी के नेता थे। पिछले विधासभा चुनाव में उन्होंने बेलसंड से चुनाव भी लड़ा था।

घटना के बाद इलाके में काफी तनाव की स्थिति है। हत्या के कारणों को लेकर कोई कुछ नहीं बोल रहा है। परिजनों ने भी खबर लिखने तक कोई जानकारी नहीं दी।

इस मामले में शिवहर एसपी अनंत कुमार राय ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा इस कांड को अंजाम दिया गया है। मृतक के सीना और पेट में गोलियां मारी गई हैं। पुलिस घटना स्थल पर कैंप कर रही है। इलाके में गश्त तेज कर दी गयी है। एसपी ने बताया कि पुलिस संदिग्ध इलाकों में छापेमारी कर रही है। परिजनों का बयान होने के बाद स्थिति और साफ होगी।

इधर SKMCH मुजफ्फरपुर में पूर्व मुखिया समर्थकों ने हंगाम किया। घायल को इलाज के लिए लाया गया और वहीं उनकी मौत हुई। उसके बाद समर्थकों ने पुलिस प्रशासन और सरकार के प्रति रोष जताया। मौके पर अहियापुर थाना पुलिस तत्काल पहुंची और हालात को शांत कराया।