मैनाटांड़। नेपाल से तीन वर्ष पूर्व सुखद दांपत्य के सपने सजाकर आई एक बहू की दहेज की लालच में गुरुवार की रात में पति समेत अन्य ने गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान पुरूषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के तिलंगही बहुअरवा गांव निवासी अरविंद साह की पत्नी आरती देवी (25 वर्ष )के रूप में की गई है।
पुलिस ने इस मामले में दहेज के लिए हत्या के आरोप में पति अरविंद साह और सास बबुनी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य तीन आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर मृतका के पिता को सौंप दिया गया है। मृतका के गले में काला निशान पाया गया है। शव बिछावन पर पड़ा हुआ था। मृतका के पिता नेपाल के परसा जिला के मुरली गांव निवासी नागेंद्र साह के आवेदन पर तीन लाख रुपये दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर मृतका के पति एवं सास को गिरफ्तार किया गया है।
प्राथमिकी में पति अरविंद साह, सास बबुनी देवी, ससुर भूषण साह, ननद शोभा कुमारी, रिंकी देवी, पिंकी देवी और ननदोई बिट्टू साह नामजद हैं। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
मृतका के पिता ने बताया कि आरती की शादी फरवरी 2023 में हुई थी ।शादी में आठ लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के दो महीना ही ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये और लेने के लिए प्रताड़ित करने लगे। गांव के लोगों से सूचना मिली तो आए। यहां आने पर देखा कि आरोपितों ने मेरी बेटी की हत्या कर दी है।
उधर, चर्चा है कि पारिवारिक कलह के कारण विवाहिता ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। पति के चरित्र और तीन ननदों के वर्चस्व की वजह की वजह से रोज घर में झगड़ा होता था। शादी के तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी उसे कोई संतान नहीं था।