मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. नारकोटिक्स ब्यूरो यानी NCB ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए नकद और भारी मात्रा में डोडा बरामद किया है. इस मामले में कुख्यात ड्रग्स तस्कर पप्पू जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है, जो हिंदरी बाजार का बड़ा किराना व्यवसायी है.
साइकिल से अधिकारी ने की रेकी: मामला मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के हिंदरी बाजार का है. नारकोटिक्स ब्यूरो को सूचना मिली थी कि इलाके में किराना व्यवसाय की आड़ में ड्रग्स का बड़ा सिंडिकेट एक्टिव है. इस इनपुट के बाद NCB ने करीब एक सप्ताह तक सादे लिबास में रेकी की. एक अधिकारी साइकिल से रोज तस्कर की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. रेकी के दौरान स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर साइकिल सवार NCB अधिकारी को पकड़ भी लिया था, जिसे बाद में टीम ने मुक्त कराया.
तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश: पुख्ता जानकारी मिलने के बाद NCB की टीम ने बीती रात एक साथ तीन जगहों पर दबिश दी – हिंदरी बाजार पानी टंकी के पास स्थित किराना दुकान, गोदाम और तस्कर पप्पू जायसवाल के घर पर. सबसे पहले टीम किराना दुकान पहुंची, जहां तलाशी के दौरान चार ड्रमों में छिपाकर रखा गया कैश बरामद हुआ. तस्कर ने ड्रम के अंदर नोटों की गड्डियां रखी थीं और ऊपर से तेल के पाउच डाल दिए थे, ताकि किसी को शक न हो.
गोदाम और घर पर छापेमारी: दुकान के बाद टीम हिंदरी बाजार स्थित गोदाम पहुंची. यहां से करीब दस बोरा डोडा पदार्थ बरामद किया गया. इसके बाद टीम तस्कर के घर भी गई, जहां से भी कुछ नकदी मिली. कुल मिलाकर लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपए कैश और भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त किया गया है. गिरफ्तार तस्कर पप्पू जायसवाल मूल रूप से पिपरा का रहने वाला है और पिछले चार साल से हिंदरी बाजार में किराना दुकान चला रहा था.
“हमें गुप्त सूचना मिली थी कि किराना दुकान की आड़ में ड्रग्स का कारोबार हो रहा है. एक सप्ताह की रेकी के बाद हमने रेड की. चार ड्रम कैश और दस बोरा डोडा बरामद हुआ है. आरोपी करीब 25 साल से इस धंधे में हैं। फिलहाल गिरफ्तार पप्पू जायसवाल से NCB की टीम पूछताछ कर रही है. इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द होगी.” – NCB अधिकारी
पूरा परिवार अवैध धंधे में शामिल: सूत्रों के मुताबिक पप्पू जायसवाल का मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में एक बड़ा लाइन होटल भी चलता है. हैरानी की बात यह है कि पप्पू का पूरा परिवार नशे के कारोबार से जुड़ा है. उसका भाई शराब तस्कर बताया जाता है, जबकि बेटा मनीष जायसवाल शराब कारोबार के मामले में पहले जेल जा चुका है. पप्पू पिछले 25 साल से ड्रग्स के अवैध धंधे में सक्रिय था.
इलाके में हड़कंप: NCB की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पप्पू जायसवाल बड़ा किराना व्यापारी होने का दिखावा करता था, लेकिन अंदर ही अंदर ड्रग्स का नेटवर्क चला रहा था. नारकोटिक्स ब्यूरो अब पप्पू के बैंक खातों, संपत्ति और नेटवर्क की जांच कर रही है. उसके संपर्क बिहार से बाहर भी होने की आशंका है.