‘सरकार बदलने की अभी कोई बात नहीं’, नीतीश के पटना लौटते ही विजय चौधरी का बड़ा बयान

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को दिल्ली से वापस पटना लौट आए हैं. नीतीश कुमार के साथ संजय झा और बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे. वहीं, पटना एयरपोर्ट पर मीडिया ने जब नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में सत्ता परिवर्तन की अटकलों पर सवाल किए, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया. हालांकि, इस दौरान मंत्री विजय चौधरी ने अपने अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि सरकार सदस्यता ग्रहण करने से नहीं, इस्तीफा देने से बनती है. अभी सरकार बनाने पर कोई बात नहीं हुई है. इंतजार कीजिए अभी समय है.

यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले लिया. मगर, बीजेपी और जदयू के बीच मामला फंसता नजर आ रहा है. जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय को लेकर बीजेपी और जदयू में अंदरूनी रार चल रही है. बीजेपी मुख्यमंत्री पद के साथ गृह मंत्रालय लेने के लिए अड़ी हुई है तो दूसरी ओर, नीतीश कुमार की पार्टी का कहना है कि अभी गृह मंत्रालय बीजेपी के पास है तो अब यह जेडीयू के पास होना चाहिए.

बताया जा रहा है कि इसी कारण पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात किए बगैर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना लौट रहे हैं. उधर, बीजेपी की कोर ग्रुप की बैठक भी रद्द कर दी गई है.

दरअसल, पिछले 20 साल से गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद ही संभाल रहे थे. साल 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद वाली सरकार में नीतीश कुमार ने गृह मंत्रालय तो छोड़ दिया था, लेकिन सामान्य प्रशासन विभाग अपने पास रखा हुआ था. अब जबकि बीजेपी का मुख्यमंत्री बनाने की बात हो रही है तो जदयू गृह मंत्रालय के लिए अड़ गई है.