UPSC में बिहार की बेटियों का परचम, इशिता देश में अव्वल, गरिमा सेकेंड टॉपर; CM नीतीश ने दी बधाई

Bihar's daughters excel in UPSC, Ishita tops in the country, Garima second topper; CM Nitish congratulated
Bihar's daughters excel in UPSC, Ishita tops in the country, Garima second topper; CM Nitish congratulated
इस खबर को शेयर करें

पटना: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का फाइनल रिजल्ट मंगलवार को जारी कर दिया। रिजल्ट में बिहार की बेटियों ने परचम लहराया है। पहली और दूसरी रैंक प्राप्त करने वाली दोनों बेटियां बिहार की हैं। देश में पहला स्थान पटना की इशिता किशोर और दूसरा स्थान बक्सर की गरिमा लोहिया को मिला। इशिता का परिवार पहले पटना में ही रहता था। कुछ वर्ष पहले वे लोग नोयडा शिफ्ट हो गए। पटना के राहुल श्रीवास्तव को दसवां व अररिया के अविनाश कुमार को 17वां स्थान मिला है। मधुबनी के तरडीहा गांव निवासी संदीप कुमार को 24वां व मधुबनी के ही शुभम कुमार को 41वीं रैंक मिली है। तुषार कुमार को 44वां स्थान मिला है। तुषार वर्तमान में मोहनियां में अवर निर्वाचन पदाधिकारी के पद पर कर्यरत हैं।

वहीं, आदित्य पांडेय को 47वीं रैंक मिली है। वहीं, शिवहर के प्रिंस कुमार को 89वां, सहरसा के मोहनपुर निवासी निर्मल कुमार को 82वां स्थान हासिल हुआ है। इनके अलावा बिहार के दर्जनों छात्रों का चयन सिविल सेवा के विभिन्न पदों के लिए हुआ है। साक्षात्कार के लिए बिहार से 56 छात्रों को बुलाया गया था। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में बिहार के शुभम देशभर में टॉपर बने थे।

यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, सुपौल के वीरपुर निवासी कुमार सुशांत को 122वीं, बक्सर की दीक्षा राय को 374 वीं रैंक मिली है। वह अभी सासाराम में आरओ (राजस्व अधिकारी) के पद पर पदस्थापित हैं। नालंदा की अपूर्वा रस्तोगी को 604, भोजपुर की अक्षिता निधि 421, बांका के बभनगामा निवासी आलोक कुमार को 549वीं, लखीसराय के सूर्यगढ़ा बाजार निवासी राहुल कुमार अग्रवाल को 614वीं, सौराठ के शशिशेखर को 240, समस्तीपुर के बिथान के शिवम कुमार को 309, समस्तीपुर के ही मोरवा के व्यासपुर गांव की अंजलि शर्मा को 450वां मिला है। आंख से दिव्यांग अंजलि अभी आरडीओ के पद पर कार्यरत हैं। जिले के उजियारपुर के बेलामेघ निवासी आशुतोष सनी को 489वां स्थान मिला है। आशुतोष दरभंगा के कीरतपुर प्रखंड में अभी सीओ हैं। पूर्वी चंपारण के चिरैया के शशांक कुमार को 727वां स्थान मिला है।

टॉप पांच में चार लड़कियां
यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जारी रिजल्ट जारी के अनुसार कुल 933 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। टॉप पांच में चार लड़कियां हैं। इशिता किशोर और गरिमा लोहिया के बाद तीसरे स्थान पर उमा हरति एन रहीं। पहले चारों स्थानों पर बेटियों का कब्जा रहा।

अंकों की घोषणा 15 दिनों बाद होगी
अभ्यथियों को कितने अंक मिले इसकी घोषणा 15 दिनों बाद होगी। 18 अप्रैल तक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के साक्षात्कार हुए थे। साक्षात्कार की शुरुआत 30 जनवरी से हुई थी। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले लगभग 2529 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।

यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 के तहत आईएएस, आईपीएस समेत सर्विसेज में 1011 पदों पर भर्ती निकाली थी। इसमें चयनित उम्मीदवारों में 345 जनरल, 99 ईडब्ल्यूएस, 263 ओबीसी, 154 एससी, 72 एसटी उम्मीदवार हैं। 178 उम्मीदवारों को रिजर्व में रखा गया है, जिनमें 89 जनरल कैटेगरी के हैं। 28 ईडब्ल्यूएस, 52 ओबीसी, 5 एससी, 4 एसटी वर्ग के उम्मीदवार हैं। वर्ष 2022 की यूपीएससी सिविल सर्विसेज की भर्ती में आईएए के 180 पद थे। आईएफस के 38, आईपीएस के 200, सर्विसेज ए के 473 और ग्रुप बी सर्विसेज के 131 पद थे।

टॉप टेन की सूची
क्रमांक रोल नंबर उम्मीदवार के नाम
1 5809986 इशिता किशोर
2 1506175 गरिमा लोहिया
3 1019872 उमा हरति एन
4 0858695 स्मृति मिश्रा
5 0906457 मयूर हजारिका
6 2409491 गहना नव्या जेम्स
7 1802522 वसीम अहमद भट
8 0853004 अनिरुद्ध यादव
9 3517201 कनिका गोयल
10 0205139 राहुल श्रीवास्तव

इशिता-गरिमा ने राज्य का नाम रौशन किया : सीएम
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस बार संघ लोक सेवा आयोग सिविल सेवा परीक्षा में टॉप चार में लड़कियां ही रहीं हैं। उन्होंने टॉप चार में स्थान प्राप्त करने वाली इशिता किशोर, गरिमा लोहिया, उमा हराथी एन और स्मृति मिश्रा को विशेष तौर पर बधाई दी है। कहा है कि यह बेहद खुशी की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना से संबंध रखने वाली इशिता किशोर ने प्रथम स्थान और बक्सर की गरिमा लोहिया ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रौशन किया है। देश की बेटियों की यह सफलता आधी आबादी को प्रेरणा प्रदान करेगी।

गरिमा ने बिहार का गौरव बढ़ाया : राज्यपाल
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा है कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने सिविल सेवा परीक्षा में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बिहार का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। राज्यपाल ने कहा कि इस परीक्षा में 5 सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में प्रथम चार स्थान पर बेटियां हैं।