सोने-चांदी के भाव आज भी टूटे, सिल्वर ₹2 लाख और गोल्ड ₹50,000 हुआ सस्ता

नई दिल्ली: एमसीएक्स पर गुरुवार, 9 जुलाई को सुबह के कारोबार में सोने और चांदी के भाव गिर गए। इसकी वजह अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव से पैदा हुई महंगाई की चिंता और इस साल कड़ी मौद्रिक नीति यानी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें बताई जा रही हैं। सुबह 9:15 बजे के करीब, एमसीएक्स पर अगस्त गोल्ड फ्यूचर्स 0.30% की गिरावट के साथ ₹1,43,275 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सितंबर सिल्वर फ्यूचर्स 0.76% टूटकर ₹2,21,749 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।

कभी 4,20,048 रुपये था चांदी का भाव
एमसीएक्स के आंकड़ों के अनुसार, 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था और तब से लेकर आज की डेट तक करीब 50000 रुपये तक सस्ता हो चुका है। वहीं, एमसीएक्स सिल्वर का ऑल टाइम हाई 4,20,048 रुपये है और यह करीब 2 लाख रुपये सस्ता हो चुका है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल: अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुई दुश्मनी ने अमेरिका में ऊंची महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं को हवा दे दी, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने की कीमतें लुढ़क गईं। सुबह के शुरुआती कारोबार में सोना करीब 4,080 डॉलर प्रति औंस पर था, जो लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद यहां आया। सिंगापुर में सुबह 6:50 बजे स्पॉट गोल्ड में मामूली बदलाव के साथ यह 4,078.66 डॉलर प्रति औंस पर था। चांदी 0.3% बढ़कर 58.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

हालांकि, सोना महंगाई से बचाव का जरिया माना जाता है, लेकिन जब मौद्रिक नीति सख्त होती है यानी ब्याज दरें बढ़ती हैं, तो सोना गिर जाता है, क्योंकि यह एक ऐसी संपत्ति है जिस पर कोई ब्याज या आय नहीं मिलती।

ईरान-अमेरिका तनाव में पिघल रहा गोल्ड: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध-विराम की एमओयू को “खत्म” घोषित कर दिया, जिससे नाजुक संघर्ष-विराम टूट गया। इस कदम ने महंगाई बढ़ने के डर को फिर से जिंदा कर दिया है।

ट्रंप की कड़ी चेतावनी: ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरानी गणराज्य ने होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका ईरान पर बमबारी में काफी इजाफा करेगा।

क्रूड तेल पर तुरंत असर: इस बीच, क्रूड तेल के बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड में 1% से अधिक की उछाल आई और यह लगभग $78 प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।