‘बैंक में दो साल से…’, HDFC के चेयरमैन का अचानक इस्‍तीफा और एक लाख करोड़ हो गया खाक

HDFC Bank Share Price: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर में गुरुवार को बड़ी ग‍िरावट देखी जा रही है. शुरुआती कारोबार में ही बैंक का शेयर 8 प्रत‍िशत टूटकर 52 हफ्ते के र‍िकॉर्ड लो पर पहुंच गया. इस ग‍िरावट को एचडीएफसी में न‍िवेश करने वाले इनवेस्‍टर्स को एक लाख करोड़ रुपये से ज्‍यादा की चोट लगी है. शेयर में बड़ी ग‍िरावट का कारण बैंक के पार्ट टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) की तरफ से अचानक द‍िया गया इस्‍तीफा है. आइए जानते हैं कौन हैं अतनु चक्रवर्ती और उन्‍होंने र‍िजाइन क्‍यों क‍िया?

पार्ट टाइम चेयरमैन की ज‍िम्‍मेदारी संभाल रहे अतनु चक्रवर्ती ने बुधवार शाम को अचानक इस्‍तीफा दे द‍िया. हालांक‍ि, उनके इस्‍तीफे को लेकर व‍िस्‍तार से तो जानकारी सामने नहीं आई लेक‍िन बताया जा रहा है क‍ि उन्‍होंने पर्सनल वैल्‍यूज और इथ‍िक्‍स को लेकर र‍िजाइन क‍िया है. उन्‍होंने अपने इस्‍तीफे में कहा, ‘बैंक के अंदर पिछले दो साल के दौरान ऐसी कुछ घटनाएं और प्रैक्टिस चल रही हैं, जो उनकी पर्सनल वैल्‍यूज से मेल नहीं खातीं. उनका यह र‍िजाइन 19 मार्च से प्रभावी भी हो गया है.

चक्रवर्ती ने अपने र‍िजाइन में क्‍या कहा?
अतनु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफा पत्र में ल‍िखा, ‘पिछले दो साल के अंदर बैंक में जो घटनाएं और प्रैक्टिस मैंने देखी हैं, वे मेरी पर्सनल वैल्‍यूज से मेल नहीं खातीं. यही मेरे इस्तीफे का मुख्य कारण है.’ उन्होंने यह भी कहा कि इस्तीफे का कोई और कारण नहीं है. अपने इस्‍तीफे में उन्‍होंने क‍िसी खास घटना को उजागर नहीं क‍िया लेक‍िन उनका यह बयान बैंक‍िंग सेक्‍टर में चर्चा का कारण बन गया है.

कौन हैं अतनु चक्रवर्ती?
अतनु चक्रवर्ती 1985 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने फाइनेंस म‍िन‍िस्‍ट्री में इकोनॉम‍िक अफेयर सेक्रेटरी और डिसइन्वेस्टमेंट सेक्रेटरी के रूप में अहम भूमिका निभाई. अप्रैल 2021 में आरबीआई की तरफ से उन्हें HDFC बैंक का पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त किया गया था. मई 2024 में उनका कार्यकाल बढ़ाकर 2027 तक कर द‍िया गया था. उनके कार्यकाल के दौरान ही HDFC बैंक और HDFC लिमिटेड का 40 बिलियन डॉलर का बड़ा मर्जर हुआ. इसके बाद बैंक देश का सबसे बड़ा प्राइवेट लेंडर बन गया था.

अमेरिकी लिस्टेड शेयरों में 7% की गिरावट
HDFC बैंक की तरफ से स्टॉक एक्सचेंज को इस बारे में जानकरी देते हुए उनके र‍िजाइन की पुष्‍ट‍ि की गई. बैंक ने यह भी कहा क‍ि इस्तीफे के पीछे र‍िजाइन में लिखे गए कारणों के अलावा और कोई वजह नहीं है. आरबीआई (RBI) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केकी मिस्त्री को तीन महीने के लिए अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त कर दिया है. इस खबर के बाद बैंक के अमेरिकी लिस्टेड शेयरों में 7% की तेज गिरावट आई. मुंबई स्‍टॉक एक्‍सचेंज में भी शेयर 8 प्रत‍िशत तक टूटकर 52 हफ्ते के र‍िकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. निवेशकों को डर सता रहा है क‍ि लीडरश‍िप में अचानक आया बदलाव बैंक की स्थिरता पर असर डाल सकता है.

एचडीएफसी के शेयर का हाल
एचडीएफसी बैंक का शेयर गुरुवार को ग‍िरकर 772 रुपये के लो लेवल पर पहुंच गया. बुधवार शाम को 842.95 रुपये पर बंद हुआ एचडीएफसी का शेयर 776 रुपये पर खुला और बाद में यह 772 रुपये तक टूट गया. बैंक का मार्केट कैप ग‍िरकर 12,37,361 करोड़ रुपये रह गया है. न‍िवेशकों को इस दौरान एक लाख करोड़ की चपत लगी है. शेयर का 52 हफ्ते का हाई 1,020 रुपये है.