रूस-यूक्रेन की जंग में भारी तबाही, 12500 से ज्यादा सैनिकों की मौत, 74 विमान और 374 टैंक तबाह

इस खबर को शेयर करें

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 18वां दिन है। इसके बावजूद दोनों देशों की ओर से अभी तक युद्ध विराम के संकेत नहीं मिले हैं। रविवार को कीव के पास इरपिन में रूस की सेना की ओर से की गई गोलीबारी में एक अमेरिकी पत्रकार और फिल्म निर्माता की जान चली गई। उधर, मारियुपोल शहर में हालात गंभीर हो गए हैं, यहां भोजन और पानी भी अब खत्म होने की कगार पर है। दूसरी ओर, रूस में पुतिन के इस हमले के खिलाफ प्रदर्शन जारी हैं और अब तक 14 हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यूक्रेन ने बताया अब तक रूस को हुआ कितना नुकसान
यूक्रेन के रक्षा अधिकारियों ने बताया है कि 24 फरवरी से रूस की ओर से हमले की शुरुआत के बाद से 13 मार्च की सुबह छह बजे तक यूक्रेनी बलों ने रूस के 74 विमान और 86 हेलिकॉप्टर मार गिराए हैं। इसके अलावा रूस के 374 टैंक भी नष्ट किए जा चुके हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार इस युद्ध में अब तक रूस के 12,500 से अधिक सैनिक मारे जा चुके हैं।

बर्लिन में यूक्रेन के समर्थन में प्रदर्शन
यूक्रेन के समर्थन में बर्लिन में आज हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग शहर के मध्य से ब्रैंडनबर्ग गेट के सामने से निकले।

मारियुपोल में अब तक 2187 लोगों की मौत
रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद से मारियुपोल में 2187 लोगों की जान जा चुकी है। शहर परिषद ने इसकी पुष्टि की है। शहर को रूस की सेना ने घेर रखा है और यहां भोजन औप पानी भी खत्म होने वाला है। परिषद ने एक बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों में शहर पर कम से हम 22 बार बमबारी हुई है। मारियुपोल पर पहले ही 100 से अधिक बम गिराए जा चुके हैं।

मारियुपोल में खत्म होने वाला है भोजन और पानी
यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल में भोजन और पानी का आखिरी भंडार भी खत्म होने वाला है। इसके स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यूक्रेन सरकार की ओर से शहर में मानवीय मदद पहुंचाने की प्रयास किए जा रहे हैं। इस शहर को इस समय रूस की सेना ने घेर रखा है और शहर पर लगातार गोलाबारी की जा रही है।

अमेरिकी पत्रकार की कीव में मौत
यूक्रेन की राजधानी कीव के पास इरपिन में अमेरिकी फिल्म निर्माता और पत्रकार रूसी बलों की गोलीबारी का शिकार हो गए। अवॉर्ड विजेता फिल्म निर्माता ब्रैंट का काम न्यूयॉर्क टाइम्स और अन्य मंचों पर भी दिखाया जा चुका है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार 51 वर्षीय रेनॉड इरपिन में काम कर रहे थे जब वह रूसी सेना की गोलियों का शिकार हो गए। उनके गले में गोली लगी थी। इस दौरान एक अन्य अमेरिकी फोटोग्राफर जुआन अरेडोंडो घायल हुए हैं। पीबीएस न्यूजऑवर की रिपोर्टन जेन फर्ग्यूसन ने एक ट्वीट में लिखा, ‘अमेरिका को बताइए, दुनिया को बताइए, उन्होंने एक पत्रकार के साथ क्या किया है।’ इस घटना के दौरान जेन भी वहीं मौजूद थीं।

रूस के कब्जे वाले यूक्रेन के खरसन में प्रदर्शन जारी
पूर्वी यूक्रेन के खरसन शहर में प्रदर्शन जारी हैं। यह शहर रूसी बलों के कब्जे में है। इस बीच ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई हैं जिनमें कहा जा रहा है कि रूस एक दिखावटी जनमत संग्रह कराने की योजना बना रहा है। अगर ऐसा हो जाता है तो यह डोनेत्स्क और लुहांस्क की तरह एक और अलग क्षेत्र बना सकता है और वहां रूस समर्थित प्रशासन स्थापित कर सकता है।

दावा: रूस ने हमले में प्रतिबंधित फॉस्फोरस का इस्तेमाल किया
यूक्रेन की मानवाधिकार लोकपाल लुइडमिला डेनिसोवा ने दावा किया है कि रूस ने देश के पूर्वी हिस्से में स्थित पोपसाना में एक हमले में प्रतिबंधित फॉस्फोरस का इस्तेमाल किया है। उन्होंने एक ऑनलाइन बयान में कहा, रूसी हमलावरों द्वारा एक नागरिक शहर पर ऐसे हथियारों के साथ बमबारी करना एक युद्ध अपराध है और रोम कन्वेंशन के अनुसार मानवता के खिलाफ है।

कीव में न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकार की मौत
यूक्रेन की राजधानी कीव में न्यूयॉर्क टाइम्स के एक पत्रकार की मौत होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वीडियो पत्रकार ब्रेंड रेनॉड (51) तब गोलियों का शिकार हो गए जब रूसी बलों ने इरपिन के पास एक कार पर खुली गोलीबारी कर दी। उनके साथ मौजूद एक अन्य पत्रकार घायल हुआ है जिसे अस्पताल ले जाया गया है।

युद्ध विरोधी प्रदर्शनों में रूस में 14 हजार से अधिक गिरफ्तार
रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले की शुरुआत के बाद से रूस में हो रहे युद्ध विरोधी प्रदर्शनों में शामिल 14 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अनुमान के अनुसार ये गिरफ्तारियां 112 शहरों में हुई हैं। मॉनिटरिंग साइट ओवीडी इन्फो के अनुसार 24 फरवरी के बाद से 28 शहरों में कम से कम 359 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसने यह भी कहा है कि असल आंकड़े इससे कहीं अधिक हो सकते हैं।

मानवीय कॉरिडोर से 1.25 लाख लोग निकाले गए: जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि मानवीय कॉरिडोर के माध्यम से संघर्षशील इलाकों से लगभग एक लाख 25 हजार लोगों को निकाल लिया गया है। रविवार को एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता मारियुपोल है जहां चार लाख से अधिक लोग फंसे हुए हैं और वहां पानी व खाना खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि मानवीय मदद की एक खेप कुछ समय में वहां पहुंच सकती है।

यूक्रेन को और सैन्य मदद उपलब्ध कराएगा चेक गणराज्य
चेक गणराज्य की रक्षा मंत्री जाना सेर्नोचोवा ने कहा है कि हम यूक्रेन को 31.5 अरब डॉलर (लगभग 2417 अरब 91 करोड़ 48 लाख रुपये) की और सैन्य मदद उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को और मदद उपलब्ध कराई जाएगी लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कुछ और जानकारी देने से इनकार कर दिया।

इटली में पलटी यूक्रेनियों को ले जा रही बस, एक की मौत
यूक्रेनी नागरिकों को लेकर जा रही एक बस इटली में पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बस में लगभग 50 लोग सवार थे। कुछ लोग घायल भी हुए हैं।

यूक्रेन में नरसंहार हर हालत में रोका जाए: पोप फ्रांसिस
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध को लेकर पोप फ्रांसिस ने रहा है कि यूक्रेन में हो रहे नरसंहार को हर हालत में रोका जाना चाहिए। पोप ने वेटिकन में अपने रविवार के संबोधन के दौरान कहा कि ईश्वर के नाम पर पीड़ा सह रहे लोगों की पुकार सुनी जाए और बमबारी व हमले रोके जाएं। उन्होंने यूक्रेन में बच्चों के अस्पतालों और नागरिकों को निशाना बना कर किए जा रहे हमलों को निर्मम बताया और कहा कि इनका कोई वैध कूटनीतिक कारण नहीं है।

शांति वार्ता के लिए इस्राइल-तुर्की को संभावित मध्यस्थ मान रहा यूक्रेन
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोडोलिक ने कहा है कि रूस के साथ वार्ता के लिए एक स्थान और चर्चा के लिए एक फ्रेमवर्क को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब यह काम पूरा हो जाएगा तब बैठक होगी। मैं समझता हूं कि हमें इसमें अधिक समय नहीं लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन शांति वार्ता के लिए संभावित मध्यस्थ के तौर पर इस्राइल और तुर्की के साथ काम कर रहा है।

लवीव के पास बेस पर हमले में मरने वालों की संख्या 35 हुई
लवीव के गवर्नर ने एक फेसबुक पोस्ट में बताया है कि इंटरनेशनल पीसकीपिंग एंड सिक्योरियी सेंटर बेस पर रविवार की सुबह हुए हमले में 35 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो गई है। पहले यह आंकड़ा नौ बताया जा रहा था। गवर्नर मैक्सिम कोजित्सेकी ने कहा कि हमले में मरने वालों की संख्या नौ से बढ़ कर 35 हो गई है और 134 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह हमला सुबह 5.45 बजे हुआ था जब लवीव के यावोरिव बेस पर दो बड़े धमाके हुए। गवर्नर ने कहा कि रूस ने बेस पर 30 से अधिक मिसाइलें दागी थीं।