Pune news: महाराष्ट्र के नासिक के बाद पुणे में एक ढोंगी बाबा ने महिला की जिंदगी बर्बाद कर दी. इस मामले में हुए खुलासों ने न सिर्फ पुणे शहर, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए देश-प्रदेश के लोगों को स्तब्ध कर दिया है. इस बाबा ने करीब 15 सालों तक महिला का उत्पीड़न किया. आरोप है कि इस बाबा ने महिला को परेशान करने के लिए थर्ड डिग्री वाला वो टॉर्चर किया, जो शायद पुलिस वाले भी किसी दुर्दांत अपराधी से सच उगलवाने के लिए नहीं करते होंगे.
खुद को धर्म गुरु बताने वाले इस पाखंडी को उसकी 6 चेलियों और एक चेले समेत वाघोली के उबालेनगर स्थित एक संदिग्ध बंगले से गिरफ्तार किया गया. जहां किसी अन्य आदमी यहां तक कि पड़ोसियों को भी आने की इजाजत नहीं थी.
जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार, स्वास्थ्य और आर्थिक समस्याएं दूर करने का दावा करके महिलाओं को अपने आश्रम बुलाता था और फिर उनका यौन शोषण करता था.
बाबा के बंगले यानी आश्रम से डिस्क, 12 लैपटॉप, एक टैबलेट, 11 सेलफोन, डीवीडी, सीडी, 23 पेन ड्राइव, 15 लाख रुपये के आभूषण, 6.5 लाख रुपये और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं.
धोखा देने का आरोप
41 साल की पीड़िता ने बताया कि उसके पिता डॉक्टर हैं. कोई खास परेशानी नहीं थी, बस कुछ सामान्य सी बातों को एकदम सही कर देने के नाम पर इस बाबा ने उसका पूरा जीवन नर्क बना दिया. बाबा ने अपनी चेलियों के साथ उसकी सेहत और अन्य पारिवारिक समस्याओं का समाधान कर देने के नाम पर ऐसा धोखा दिया, जिसे वो ताउम्र भुला न पाएगी.
बाबा और पीड़िता दोनों हरियाणा के रहने वाले है. पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने सिंहगढ़ रोड निवासी पीड़िता द्वारा मंगलवार देर रात पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उबालेनगर स्थित उस बंगले पर छापा मारा जिसे ढोंगी बाबा अपना आश्रम बताता था.
जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि बाबा ने भागने के लिए एक अंडरग्राउंड टनल बनवा रखी थी, जिस पर काम चल रहा था.
नासिक के भोंदू बाबा जितना खतरनाक पुणे वाला बाबा
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी मिश्रा बाबा के नाम से मशहूर था. उसके साथ 7 अन्य को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया. जहां से सभी को 20 जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. CP कुमार ने बताया, ‘खुद को गुरु बताने वाला मिश्रा आठ साल से पुणे में बसा था और आश्रम चलाता था.
खुद को बताता था भगवान का अवतार
खुद को गुरु बताने वाले मिश्रा ने दावा किया कि वो भगवान का अवतार है. उसने पीड़िता की आस्था और भरोसा चेक करने के नाम पर 15 सालों तक प्रताड़ित किया. बाबा ने उसका यौन शोषण किया. उसके वीडियो बनाए गए. पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि बाबा के चंगुल से बचने के लिए उसने शादी कर ली तो उस पर पति से तलाक लेने का दबाव डाला. प्रॉपर्टी ट्रांसफर कराने तक को कहा गया. लड़की ने बताया कि उसके परिवार वालों के भरोसे को भी तोड़ा गया.
आखिरकार एक दिन जब उसके सब्र का बांध टूटा तो पीड़िता ने आश्रम से भागने की हिम्मत जुटाई. उसके बाद उसने अपने साथ हुए शोषण और गुरु की हरकतों के बारे में अपने परिजनों को बताया तो उसके परिवारवालों के दिमाग पर चढ़ा अंधविश्वास का पर्दा उतर गया. इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. एडिशनल पुलिस कमिश्नर (क्राइम) तेजस्वी सतपुते ने बताया कि शिकायत दर्ज होते ही, हमने बंगले पर छापा मारा और मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया.
पेशाब पीने को मजबूर किया और…
इस महिला के उत्पीड़न की ये कहानी किसी भी संवेदनशील शख्स को इमोशनल कर देगी. महाराष्ट्र के नासिक के बाद पुणे में एक ढोंगी बाबा ने महिला की जिंदगी बर्बाद कर दी. इस मामले में पूरे शहर को ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया के जरिए देश-प्रदेश को सन्न कर दिया है. CCTV के जरिए उस पर नजर रखी जाती थी. उसने बताया कि उसे एक बार पेशाब पीने तक के लिए मजबूर किया गया था. बात न मानने पर उसे बिजली के झटके दिए जाते थे.
पुणे के सीपी कुमार ने ये भी बताया, बाबा के कई उत्तर भारतीय राज्यों और महाराष्ट्र में भी शिष्य थे. कई लोग रेगुलर उनसे मिलने आते थे. उनकी कुंडली भी अब खंगाली जा रही है.
पीड़िता महिला के साथ हुए सभी अपराध हरियाणा और पुणे में साल 2001 से 2026 के बीच किए गए थे. अब पुलिस ने यौन उत्पीड़न, आपराधिक साजिश और महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुरी और अघोरी प्रथाओं और काला जादू अधिनियम की रोकथाम और उन्मूलन से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है.
हर गुरुवार को बाबा के आश्रम में कई गाड़ियां आती थीं. भजन कार्यक्रम होते थे. कई अन्य महिलाओं का भी बंगले पर आना-जाना लगा रहता था.