हांसी: हरियाणा के हांसी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के गांव मसूदपुर में जमीन विवाद के चलते छोटे सगे भाई सूरजमल पर बड़े भाई शमशेर की हत्या करने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल बना हुआ है. मृतक की पहचान शमशेर उम्र 55 वर्ष के रूप में हुई है. घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.
वारदात के बाद आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिसः आपको बता दें कि हरियाणा के हांसी में जमीन के छोटे से विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि छोटे भाई पर ही बड़े भाई की हत्या का आरोप लग गया, जिस रिश्ते को सबसे मजबूत माना जाता है. वही खून के रिश्ते आज दुश्मनी में बदल गए. मृतक शमशेर की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है. घटना के बाद आरोपी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
सगे छोटे भाई पर बड़े भाई की हत्या का आरोप
परिजनों के बयान पर मामला दर्ज: डीएसपी रवींद्र सांगवान ने बताया कि “आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है. परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है.” हालांकि इस पूरे मामले पर परिजनों ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है.