रोहतक: हरियाणा के रोहतक में सोनीपत स्टैंड पर मौजूद एक कैफे में मंगलवार को भीषण आग लग गई. किचन में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए. आग भी तेजी से फैली. आग लगते ही कैफे में मौजूद कुक और कस्टमर किसी तरह भाग निकले. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया.
इस बीच, आग लगने से आसपास की दुकानदारों में भी अफरा-तफरी मच गई और शीशें भी टूट गई. सभी लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए. कैफे के पास ही एक अस्पताल है और संचालकों ने एहतियात के तौर पर मरीजों को वहां शिफ्ट कर दिया. पास में ही सरकारी ऑफिस और कॉलेज भी हैं, जहां सिलेंडर फटने की आवाज सुनी गई.
सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन के SHO महेंद्र सिंह ने बताया कि कैफे में आग लगने की सूचना मिली. सूचना के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. कैफे को काफी नुकसान हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. उन्होंने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी.
कैसे लगी कैफे में आग और कैसे हुए ब्लास्ट
बता दें कि दोपहर में फास्ट फूड कैफे में कुक खाना बना रहा था. अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे एक्सटेंशन कॉर्ड में आग लग गई. आग लगते ही कुक बाहर भागा. कैफे के अंदर मौजूद लोग भी बाहर भागे. अचानक सिलेंडर फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई. कैफे में आग लगने से हुए धमाके से आस-पास की दुकानों के शीशे टूट गए. धमाके से लोग डर गए और बाहर भागे. कैफे में तीन और सिलेंडर भी रखे थे, जिनके फटने की संभावना थी. फायर ब्रिगेड के एक कर्मचारी ने हिम्मत करके तीनों सिलेंडर निकाल लिए.
कैफे के पास कोर्ट, सरकारी दफ्तर, गर्ल्स कॉलेज
सोनीपत स्टैंड पर मिनी सेक्रेटेरिएट, कोर्ट और दूसरे सरकारी दफ्तर भी हैं. पास में ही एक गर्ल्स कॉलेज भी है. सिलेंडर फटने की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे लोग डर गए. जब फायर ब्रिगेड आग पर काबू पा रही थी, तब सड़क का एक हिस्सा बंद कर दिया गया था.