सिरमौर ; हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का कहर जारी है। सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र के चौकर गांव के पास आज भीषण भूस्खलन हुआ, जिसमें पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक धंसकर नीचे आ गया। यह भूस्खलन करीब 200 मीटर तक फैला हुआ था, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूस्खलन का डरावना वीडियो नीचे आप देख सकते हैं।
बाल-बाल बचे मौके पर मौजूद लोग
बताया जा रहा है कि भूस्खलन के समय वहां 5 लोग मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, भूस्खलन की वजह से 5 घर अब खतरे की जद में आ गए हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के परिवारों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने की सलाह दी है।
मॉनसून से बढ़ा संकट
हिमाचल प्रदेश इस बार मानसून में भीषण तबाही झेल रहा है। सिरमौर समेत कई जिलों में लगातार हो रही बारिश की वजह से भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाएं बढ़ गई हैं। कई गांवों का संपर्क टूट चुका है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चौकर गांव के आसपास भी कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे राहत और बचाव कार्यों में परेशानी हो रही है।
प्रशासन की अपील
स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित इलाके में टीम तैनात की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।
राज्य में भारी नुकसान
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सैकड़ों मकान पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं, जबकि हजारों मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कई सड़कें और पुल बह चुके हैं। सिरमौर, कुल्लू, किन्नौर और मंडी जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। यह ताजा घटना चौकर गांव के लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है, क्योंकि मानसून अभी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
VIDEO | Himachal Pradesh: Massive landslide near Chaukar village in Sirmaur’s Nauhradhar area, a large section of the hill collapses.
The landslide stretched nearly 200 metres; five people were present at the site and are safe. Five houses now lie in the danger zone. The region… pic.twitter.com/lZn85zousJ
— Press Trust of India (@PTI_News) September 6, 2025