भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड में एक बार फिर परीक्षा शर्मसार हुई है. जीवाजी यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉ बीएससी की परीक्षा चल रही थी और यहां पर प्रैक्टिकल में पास करने के नाम पर अवैध वसूली हो रही थी. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसने हड़कंप मचा दिया. वीडियो में दिख रहा है कि छात्र 100-100 रुपए देते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं अब मामला सामने आने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और जांच के आदेश दे दिए हैं.
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्र एक-एक करके 100-100 रुपए किसी व्यक्ति को दे रहे हैं. वहीं सामने बैठा शख्स छात्रों को बुलाते हुए कह रहा है कि बीएससी वाले कहां गए, इधर आ जाएं. वीडियो बना रहे छात्र ने जब सवाल किया कि आखिर पैसे क्यों लिए जा रहे हैं, तो मौके पर मौजूद लोग असहज नजर आए. यह वीडियो भिंड के दबोह स्थित दुर्गाप्रसाद सर्राफ महाविद्यालय का बताया जा रहा है, जहां प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर यह कथित वसूली की जा रही थी.
संबंधित लोगों से मांगा गया जवाब
मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. प्राचार्य रामअवधेश शर्मा ने तत्काल नोटिस जारी कर संबंधित लोगों से जवाब मांगा है. वहीं जिला प्रशासन ने भी इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है.
विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर खड़े हो रहे सवाल
इस घटना के बाद न केवल कॉलेज प्रबंधन बल्कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. छात्रों और अभिभावकों में इसको लेकर नाराजगी साफ देखने को मिल रही है. उनका कहना है कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में इस तरह की अनियमितताएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच पर टिकी है.