मेनका गांधी, निरहुआ, जगदंबिका पाल, छठे चरण में कई हाईप्रोफाइल सीटें, आज थम जाएगा प्रचार

Maneka Gandhi, Nirahua, Jagdambika Pal, many high profile seats in the sixth phase, campaigning will stop today
इस खबर को शेयर करें

लखनऊ। Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों और बलरामपुर जिले की गैंसण्डी विधानसभा के उपचुनाव का प्रचार गुरुवार की शाम को थम जाएगा। इसी के साथ शनिवार 25 मई को होने वाले मतदान की तैयारी शुरू हो जाएगी। यह लोकसभा सीटें हैं-सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीर नगर, लालगंज (सु.), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (सु.) और भदोही। इनमें से 12 सीटें सामान्य श्रेणी की और दो सुरक्षित हैं।

छठे चरण की प्रदेश की इन 14 लोकसभा सीटों में सुल्तानपुर सीट पर भाजपा की उम्मीदवार मेनका गांधी, आजमगढ़ में भाजपा के प्रत्याशी और भोजपुरी फिल्म कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा के धर्मेन्द्र यादव तथा डुमरियागंज से भाजपा के मौजूदा सांसद जगदम्बिका पाल के मैदान में उतरने से इन सीटों के चुनाव ज्यादा चर्चा में हैं। 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में इन सीटों के नतीजों पर गौर करें तो 14 में से 10 भाजपा, तीन बसपा और एक सपा ने जीती थी। आजमगढ़ की सीट पर मौजूदा सपा प्रमुख अखिलेश यादव जीते थे। छह सीटें ऐसी थीं, जहां बसपा के उम्मीदवारों ने भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी थी। सुल्तानपुर, श्रावस्ती और मछली शहर सु. सीटों पर बहुत करीबी मुकाबला रहा था।

इस बार इन 14 सीटों में से भाजपा के पांच मौजूदा सांसद सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, डुमरियागंज, बस्ती और मछलीशहर सु. सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अम्बेडकरनगर सीट पर भी मौजूदा सांसद रीतेश पाण्डेय भी मैदान में हैं। मगर पिछली बार वह बसपा के टिकट पर जीते थे और इस बार वह भाजपा के उम्मीदवार हैं। भाजपा ने लालगंज सु. सीट पर पिछली बार चुनाव हारीं नीलम सोनकर को ही इस बार उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह पिछले चुनाव में आजमगढ़ सीट पर अखिलेश यादव से चुनाव हारने वाले दिनेश लाल यादव निरहुआ को भाजपा ने फिर टिकट दिया है। यहां निरहुआ का मुकाबला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेन्द्र यादव से है।

2019 के लोकसभा चुनाव में इन 14 सीटों पर कौन जीते कौन हारे
लोकसभा सीट जीते दल मत मिले हारे दल मत मिले
सुल्तानपुर मेनका गांधी भाजपा 459196 चन्द्रभद्र सिंह बसपा 444670
प्रतापगढ़ संगम लाल गुप्ता भाजपा 436291 अशोक त्रिपाठी बसपा 318539
फूलपुर केशरी देवी पटेल भाजपा 544701 पंधारी यादव सपा 372733
इलाहाबाद रीता बहुगुणा जोशी भाजपा 494454 राजेन्द्र सिंह पटेल सपा 310179
अम्बेडकरनगर रीतेश पाण्डेय बसपा 56411 मुकुट बिहारी भाजपा 468238
श्रावस्ती राम शिरोमणि बसपा 441771 दद्नमिश्र भाजपा 436451
डुमरियागंज जगदम्बिका पाल भाजपा 492253 आफताब आलम बसपा 386932
बस्ती हरीश चन्द्र द्विवेदी भाजपा471162 राम प्रसाद चौधरी बसपा 440808
संत कबीरनगर प्रवीन कुमार निषाद भाजपा 466167 भाल चन्द्र यादव कांग्रेस 128506
लालगंज सु. संगीता आजाद बसपा 518820 नीलम सोनकर भाजपा 357223
आजमगढ़ अखिलेश यादव सपा 621578 दिनेश लाल यादव भाजपा 361704
जौनपुर श्याम संह यादव बसपा 521128 कृष्ण प्रताप सिंह भाजपा 440192
मछलीशहर सु. बी.पी.सरोज भाजपा 488367 टी.राम बसपा 488763
भदोही रमेश चन्द्र भाजपा 510029 रंगनाथ मिश्र बसपा 466414