मुजफ्फरनगर: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर 1 करोड़ की साइबर ठगी

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर थाना साइबर क्राइम पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 1 करोड़ 1 लाख 2 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले इस गिरोह का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर के गंगोह निवासी अब्दुल कादीर के रूप में हुई है. पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

पीड़ित के 23 लाख रुपये कराए फ्रीज: वहीं साइबर ठगी की इस रकम में से करीब 23 लाख रुपये पुलिस ने फ्रीज करा दिए हैं, जिन्हें पीड़ित के खाते में वापस कराने की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. मामले में अभी एक नामजद मुख्य आरोपी फैजूल समेत अन्य साथियों की गिरफ्तारी बाकी है, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ के अनुसार पीड़ित को फेसबुक पर “गीतिका कपूर उर्फ जीजी” नाम से एक फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई थी.

फर्जी वेबसाइट से जाल में फंसाया: बातचीत के दौरान आरोपी महिला ने पीड़ित का विश्वास जीत लिया और ऑनलाइन ट्रेडिंग व भारी निवेश के नाम पर ‘DGXC’ नामक फर्जी वेबसाइट में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया. आरोपियों ने व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर पीड़ित से अलग-अलग तिथियों में 1 करोड़ 1 लाख 2 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए. वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का फर्जी प्रॉफिट भी दिखाया गया, जिससे पीड़ित को सब सच लगता रहा. लेकिन जब पीड़ित ने अपना पैसा निकालने की कोशिश की तो आरोपियों का असली रंग सामने आ गया.

वेरिफिकेशन के नाम पर मांगी और रकम: पैसे निकालने के दौरान आरोपियों द्वारा “फाइनल वेरिफिकेशन”, “डेटा रिपेयरिंग” और ‘एंटी मनी लॉन्ड्रिंग प्रोसेस’ के नाम पर लगातार और रकम की मांग की जाती रही. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहारनपुर के गंगोह निवासी अब्दुल कादीर को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महज कमीशन के लालच में अपने SHIVALIK और PNB बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये मंगवाए थे.

पांच राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें: बाद में उसने यह रकम चेक और अन्य माध्यमों के जरिए मुख्य आरोपियों तक पहुंचाई थी, जिसके बदले उसे करीब 20 हजार रुपये का कमीशन मिला था. पुलिस के अनुसार आरोपी अब्दुल कादीर के इन खातों से देश के पांच राज्यों की साइबर शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें करीब 10 लाख 40 हजार 700 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है. इसके अलावा उसके PNB और IOB खातों में भी 11 लाख 27 हजार रुपये से अधिक का संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिला है, जिसकी जांच की जा रही है.

पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच: एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के साइबर थाना में मुकदमा अपराध संख्या 22/26 पंजीकृत किया गया था. इसी पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना की टीम ने 45 वर्षीय अब्दुल कादिर पुत्र अब्दुल कुदुस को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खातों में साइबर फ्रॉड की रकम मंगाकर कमीशन प्राप्त करने के पुख्ता प्रमाण पुलिस को मिले हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे गिरोह के अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेटवर्क की बारीकी से जांच कर रही है और फरार आरोपियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.