दिल्ली-NCR में मौसम ने लिया यू-टर्न, अगले 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

Delhi News: दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में हुई हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है. हालांकि मौसम अभी भी गर्म बना हुआ है और हवा में नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है. वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार से दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने की संभावना जताई है. विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए आंधी, तेज हवाओं और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

मंगलवार से मौसम में बदलाव शुरू
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक दिल्ली में गर्मी का असर बना रहा. अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि हवा में अधिक नमी होने के कारण महसूस होने वाला तापमान इससे कहीं अधिक रहा. कई इलाकों में लू जैसी स्थिति भी बनी रही. हालांकि मंगलवार से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है.

कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश
30 जून को दिल्ली और एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम विभाग ने इस दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. बारिश के कारण अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

इस दिन से मौसम और अधिक रहेगा सक्रिय
1 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा. पूरे दिन बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दिन भी हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आएगी तथा अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

इस दिन से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना
2 जुलाई को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने इस दिन भी तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना
3 से 5 जुलाई तक भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना रह सकता है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं. अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. लगातार बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो 4 जुलाई तक मानसून दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम पहले की तुलना में अधिक ठंडा और सुहावना रहने की संभावना है.