राजस्थान कांग्रेस: कांग्रेस विधायक के ‘जयचंद’ बयान से गरमाई राजनीति, जानें मामला

Rajasthan Congress: Congress MLA's 'Jaichand' statement heats up politics, know the matter
Rajasthan Congress: Congress MLA's 'Jaichand' statement heats up politics, know the matter
इस खबर को शेयर करें

जयपुर. रजास्थान में कांग्रेस विधायक आपस में ही उलझ गए है। मामला बारां जिले का है। जिले के दोनों कांग्रेस विधायक ने अपनी पार्टी के विधायक भरत सिंह को जयचंद बताया है। कांग्रेस विधायक पानाचंद मेघवाल और निर्मला सहरिया ने पत्र के जरिए अपनी पार्टी के विधायक भरत सिंह पर पलटवार किया है। जिसमें दोनों विधायकों ने भरत सिंह को कांग्रेस का जयचंद बताते हुए लिखा है कि हाड़ौती में पार्टी को कमजोर करने के लिए वो ओछी हरकतें कर रहे हैं। पत्र में आगे लिखा कि बिना वजह बारां में विरोध प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। बता दें, कोटा जिले के सांगोद से विधायक भरत सिंह बारां कांग्रेस के गढ़ खान की झोपड़िया गांव को कोटा जिले में मिलाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इस बात से कांग्रेस के दोनों विधायक नाराज है। विधायकों का कहना है कि कोई कोशिश भरत सिंह ने तब क्यों नहीं की, जब वे राज्य सरकार में मंत्री थे। अब यह निर्णय बारां जिले के स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है। इसके बावजूद यहां धरना प्रदर्शन कर माहौल खराब करने की ओछी हरकत कर रहे हैं। हम इसकी निंदा करते है।

भरत सिंह खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया को बता चुके हैं भ्रष्ट

बता दें कांग्रेस विधायक भरत सिंह खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया पर लगातार हमले करते हैं। सीएम गहलोत को सैंकड़ों पत्र लिख चुके हैं। दोनों विधायक खनन मंत्री प्रमोद जैन भाया के करीबी माने जाते है। बारां के विधायक पानाचंद मेघवाल और निर्मला सहरिया ने पत्र के जरिए बयान जारी किया हैं। गहलोत-पायलट के विवाद के बीच अब इन दोनों दिग्गजों के इतर हाड़ौती में पार्टी के दो बड़े नेता आमने-सामने आ गए है। भरत सिंह कई बार मंत्री भाया को भ्रष्ट बता चुके हैं। इसको लेकर लंबे समय से अवैध खनन, गोडावण, खान की झोपड़िया और सोरसन के मुद्दे को उठाते रहे हैं।

विधायक मेघवाल और सहरिया ने संयुक्त बयान जारी किया

बारां अटरू के विधायक मेघवाल और सहरिया ने संयुक्त बयान जारी करते हुए एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने लिखा कि हम विधायक भरत सिंह का सम्मान करते हैं। वे वरिष्ठ व पार्टी के पुराने नेता हैं। उन्हें और उनके परिवार को कांग्रेस से बहुत कुछ मिला है, लेकिन जब से बारां और कोटा अलग जिले से बने हैं, तभी से भरत सिंह बारां के कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रहे हैं। जिससे नेता के साथ ही पार्टी की छवि भी खराब करने की कोशिश की जा रही है। इससे उनकी कुंठा दिन-ब-दिन जाहिर हो रही है। साथ ही आगे लिखा कि भरत सिंह कई बार सीएम को लेकर भी भला बुरा कह चुके हैं। ऐसा ही उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के नेताओं के साथ किया है। दोनों विधायकों ने बयान में लिखा है कि भरत सिंह की यह हरकतें हाड़ौती अंचल में कांग्रेस को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है।