दौसा जिले में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। लूट, मारपीट और चोरी की घटनाओं के बीच अब पेट्रोल पंपों को भी अपराधी अपना आसान निशाना बना रहे हैं। जिले में एक महीने के भीतर दूसरी बार पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने की घटना सामने आई है। ताजा मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र के जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे स्थित रेटा गांव के राहुल फिलिंग स्टेशन का है। यहां थार सवार युवक ₹3,740 का डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
ऑनलाइन पेमेंट का बहाना बनाकर करता रहा गुमराह
पेट्रोल पंप संचालक राजेश कुमार ने बताया कि थार चालक ने डीजल भरवाने के बाद ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। वह काफी देर तक भुगतान होने का भरोसा दिलाता रहा और बार-बार कहता रहा कि उसके परिजन ऑनलाइन पैसे भेज रहे हैं। इस दौरान सेल्समैन लगातार उससे भुगतान करने के लिए कहता रहा, लेकिन चालक बहानेबाजी करता रहा और समय निकालने की कोशिश करता रहा।
मौका मिलते ही थार लेकर हुआ फरार
जब काफी देर तक भुगतान नहीं हुआ तो सेल्समैन ने चालक पर नगद भुगतान करने का दबाव बनाया। इसी बीच पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली डीजल भरवाने के लिए आ गई। सेल्समैन ने थार चालक से वाहन थोड़ा आगे करने को कहा, लेकिन उसने इसी मौके का फायदा उठाया और तेज रफ्तार से बिना भुगतान किए फरार हो गया। पंप पर मौजूद सेल्समैन ने दूसरी कार से उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
सीसीटीवी के आधार पर पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक ने सिकंदरा थाना पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर थार और उसके चालक की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक महीने में दूसरी बार पेट्रोल पंप बना निशाना
यह जिले में एक महीने के भीतर पेट्रोल पंप पर इस तरह की दूसरी वारदात है। इससे पहले 5 जुलाई को नेशनल हाईवे पर सदर थाना क्षेत्र के कांदोली पेट्रोल पंप से स्विफ्ट कार सवार बदमाश करीब ₹4,000 का पेट्रोल भरवाकर फरार हो गए थे। आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में पंप पर कार्यरत एक सेल्समैन घायल भी हो गया था।