हल्द्वानी। बनभूलपुरा के एक युवक ने न तो किसी लिंक में क्लिक किया और न ही किसी को ओटीपी बताया। यही नहीं मोबाइल स्विच आफ होने के बाद भी साइबर ठगों ने रुपये निकाल लिए। उसके बाद भी युवक के खाते से रुपये निकलते रहे। इससे युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया। पुलिस को शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। उसके बाद युवक के साथ दोबारा साइबर ठगी हो गई।
धड़ाधड़ मिले ओटीपी
इंदिरानगर नूरी मस्जिद निवासी एक युवक ने बनभूलपुरा कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि 24 मई की रात वह मोबाइल फोन बंद कर सो गए थे। अगले दिन सुबह मोबाइल चालू करने पर उन्हें एक साथ धड़ाधड़ ओटीपी संदेश प्राप्त हुए। पता चला कि उनके एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से बुकमाईशो एप का एक मैसेज फोन पर आया, जिसपर एक लाख रुपये का ट्रांजेक्शन दिखा। इस संबंध में उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
फिर इसके बाद 31 मई की रात उनके विभिन्न बैंक खातों और क्रेडिट कार्डों से संदिग्ध लेनदेन किए गए, जिसमें दूसरे क्रेडिट कार्ड से 90 हजार रुपये, एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से करीब 28 हजार रुपये, एक्सिस बैंक खाते से 29 हजार 900 रुपये व एसबीआइ खाते से एक हजार रुपये की निकासी कर ली गई। उन्होंने कहा कि क्रेडिट कार्ड से हुई निकासी के मैसेज प्राप्त हुए, लेकिन बैंक खातों से निकाली गई रकम के संबंध में कोई संदेश नहीं मिला।
उन्होंने बैंक स्टेटमेंट, मैसेज स्क्रीनशाट और साइबर शिकायत की प्रतियां पुलिस को सौंपते हुए राशि वापस दिलाने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ साइबर अमित कुमार ने कहा कि बैंक खाते में संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें। मोबाइल में अधिकृत एप ही इंस्टाल करें।