यूपी मे वाहन की गति 100 किमी प्रति घंटे से अधिक होते ही सीधे घर पहुंचेगा चालान

इस खबर को शेयर करें

मेरठ। दिल्ली-मेरठ 14 लेन एक्सप्रेस-वे कई मामलों में तकनीक उपयोग में बेजोड़ होगा। वाहन किस रफ्तार से एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रहे हैं, इसके लिए सेंसर स्पीड मीटर लगाए गए हैं। यदि वाहन की गति 100 किमी प्रतिघंटे से अधिक होती है तो डिस्पले लाल रंग में दिखाई देने लगता है। वहीं चालान सीधे घर पहुंचेगा।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर डासना से मेरठ तक 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी मदद से ही आपकी सभी गतिविधियां शुल्क प्लाजा के कंट्रोल रूम में कैद हो रही हैं। शुल्क प्लाजा शुरू होने के बाद आपकी नंबर प्लेट भी सीसीटीवी कैमरों की सहायता से पकड़ में आ जाएगी। काशी शुल्क प्लाजा से 10 किमी की दूरी पर दोनों तरफ तीन डिस्पले स्क्रीन लगाकर वाहनों की गति बताई जा रही है। एक्सप्रेस-वे पर कई वाहन 100 से अधिक रफ्तार से भी गुजर रहे हैं। यदि आप कार की गति 100 किमी प्रतिघंटे से अधिक कर देंगे तो आपका चालान कट जाएगा। वहीं, शुल्क प्लाजा पर भी नई तकनीक के जरिए जीपीएस की मदद से शुल्क वसूला जाएगा। ये तकनीक भी पहली बार दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर उपयोग की जाएगी।

कार में बैठे यात्री क्या कर रहे हैं, आपने सभी यातायात नियमों का पालन किया है या नहीं। इन्हें देखने के लिए हाई रिजुलेशन वाले कैमरों को एक्सप्रेसवे पर लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर चालान घर भेज दिया जाएगा। यहां तक कि यदि आप कार चलाते समय किसी नशे आदि का सेवन कर रहे हैं तो कैमरा उसे भी कैद कर लेगा।