राजस्थान BJP अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किसके लिए कहा ‘धूल चटा देंगे’

जयपुर. राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर आगामी 11 नंवबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों की तरफ से अंता सीट को जीतने के दावे किए जा रहे हैं. अंता विधानसभा उपचुनाव की तारीख का ऐलान होने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि कांग्रेस को हमने पहले भी कांग्रेस को धूल चटाई है. इस बार फिर चटा देंगे. राठौड़ ने कहा कांग्रेस में सिर फुटव्वल की नौबत आ रही है. कांग्रेस क्या कहती है. डोटासरा क्या कहते हैं उस पर हंसी आती है.

मदन राठौड़ ने कहा कि अंता हमारी सीट है. यह हमारी परंपरागत सीट है. हम इसे जीतते आ रहे हैं. इस बार भी जितेंगे. कांग्रेस पहले भी भुजाए फड़काती थी. कुछ माह पहले सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे. क्या हुआ? कांग्रेस एक सीट जीत पाई. कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के कामकाज में कौन हस्तक्षेप कर सकता है. कांग्रेस अनर्गल बातें करती हैं. कांग्रेस की जमानतें जब्त भी हुई हैं.

राठौड़ का दावा-सब मामलों में हम आगे हैं
राठौड़ ने कहा कि बीजेपी सरकार ने राजस्थान में बिजली-पानी की पर्याप्त व्यवस्था की है. बीजेपी ने किसानों को समृद्ध किया है. एमएसपी बढ़ाई है. एक लाख लोगों को रोजगार दे दिया. राइजिंग राजस्थान में बड़ी संख्या में एमओयू हुए हैं. राठौड़ ने दावा किया कि कांग्रेस के पांच साल और बीजेपी के दो साल के राज की तुलना कर लिजिए दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. सब मामलों में हम आगे हैं.

प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है
वहीं गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि बीते डेढ़ दो साल से हम देख रहे हैं के प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है. बीजेपी प्रयास कर रही थी अंता का उपचुनाव टाला जाए. इसके लिए राज्यपाल तक सरकार ने इसकी रिपोर्ट भिजवाई. लेकिन राज्यपाल ने कानून सम्मत काम किया है. उसके बाद अब चुनाव आयोग ने उपचुनाव का ऐलान कर दिया है. उन्होंने दावा कि अंता का उपचुनाव कांग्रेस पार्टी जितेगी. डोटासरा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और बीजेपी का जो खेला कर रही है वह सबसे सामने आ चुका है. इसका मुंहतोड़ जवाब बीजेपी को बिहार में भी मिलेगा और यहां भी मिलेगा.