‘हर परिवार में एक सरकारी जॉब पक्की’, बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव का बड़ा एलान

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने जनता से बड़ा एलान किया है। उन्होंने वादा किया है कि अगर उनकी सरकार बनती है तो हर घर में एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। तेजस्वी ने इसके साथ ही युवाओं को रोजगार देने की बात कही और बेरोजगारी को दूर करने का भी वादा किया।

तेजस्वी ने घोषणा करते हुए कहा कि बिहार के जिस भी परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है, ऐसे हर परिवार में अनिवार्य रूप से एक नौकरी पक्की दी जाएगी। भाजपा ने 20 साल तक कोई नौकरी नहीं दी। 20 दिन में अधिनियम बनाएंगे। तेजस्वी ने पटना में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि बिहार में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है।

20 दिन में बनाएंगे अधिनियम- तेजस्वी
तेजस्वी ने आगे कहा, ‘जॉब यानी जश्न ऑफ बिहार। 20 दिन में बनाएंगे अधिनियम। हर परिवार से एक सरकारी नौकरी पक्की देंगे। सरकारी स्तर पर फैक्ट्री लगाएंगे। हर सरकार में भागीदारी, युवाओं को हिस्सेदारी देंगे। सरकारी नौकरी के लिए कानून लाएंगे।’ राजद नेता ने कहा कि मेरा कर्म बिहार है और धर्म बिहारी है। पूरा बिहार एक स्वर से आशीर्वाद दे रहा है। 14 नवंबर को नतीजे के बाद से बिहार आगे बढ़ेगा। जो कहा है, जरूर करेंगे।

आने वाले समय में और भी घोषणाएं की जाएंगी- तेजस्वी
उनके मुताबिक यह पहली और आखिरी घोषणा नहीं है। आने वाले समय में और भी घोषणाएं की जाएंगी। उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ’20 साल की सरकार ने हर घर को खौफ दिया। अब हम हर घर को सरकारी नौकरी देंगे।’ अपनी घोषणा पर तेजस्वी बोले, ‘हम जो घोषणा कर रहे हैं, बहुत लोगों का सवाल होगा कि कैसे देंगे। हमने सारा डेटा निकाला है और सर्वे कराया है। मेरा प्रण है कि जो हो सकता है, वही हम करेंगे।’