भोपाल: मध्य प्रदेश के लोगों को जल्द ही बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए भोपाल में एक अत्याधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है. इसमें लोगों को उनकी बॉडी को रोगमुक्त करने के लिए नहलाया जाएगा. जी हां, राजधानी भोपाल में जड़ी बूटियों के पानी से नहलाने के लिए जल्द ही हमाम शुरू होने जा रहा है. इसके लिए प्रदेश विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है. इसे शहर के कलियासोत पहाड़ी पर स्थित हकीम सैयद जियाउल हसन शासकीय स्वशासी यूनानी मेडिकल कॉलेज में बनाए जाने की तैयारी की जा रही है. यह मध्य प्रदेश का पहला सरकारी हमाम होगा. इसमें औषधीय पानी से लोगों को नहलाकर शरीर का डिटॉक्स किया जाएगा.
मध्य प्रदेश का पहला सरकारी हमाम
भोपाल के कलियासोत पहाड़ी पर आयुष विभाग के 3 प्रमुख पैथियों के कॉलेज यूनानी, होम्योपैथी और आयुर्वेद के कॉलेज मौजूद हैं. पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज में 2022 में शुरू हुआ सरकारी पंचकर्म और वेलनेस सेंटर हिट साबित हुआ है. यहां बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं. इस वेलनेंस सेंटर में 700 रुपए से 4900 रुपए तक के कमरे मौजूद हैं.
यूनानी मेडिकल कॉलेज की प्रिसिंपल का बयान
यहां आयुर्वेद और पंचकर्म की सुविधा मिल रही है. वेलनेस सेंटर के हिट साबित होने के बाद प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं. वहीं आयुष विभाग में आने वाले यूनानी कॉलेज में अब सरकारी हमाम खोलने को लेकर भी विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है. इसके लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है.
इस तरह बनेगा हमाम
यूनानी कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर मेहमूदा बेगम बताती हैं कि “अरबी भाषा में हमाम का अर्थ होता है कि भाप से स्नान. इसमें तीन अलग-अलग चैंबर बनाए जाएंगे. इन सभी चैंबर का रखरखाव और टेंप्रेचर भी अलग-अलग होता है. एक चैंबर में एकदम ठंडा पानी होता है, तो एक में गर्म. जबकि एक चैंबर में भाप होती है. वे बताती हैं कि हमाम में जड़ी-बूटियों का उपयोग किया जाएगा. जड़ी-बूटियों वाले पानी में नहलाने और भाप वाले चैंबर में थोड़ी देर रखने से शरीर से खूब पसीना निकलता है.
भोपाल यूनानी कॉलेज में खुलेगा हमाम
इस तरह शरीर को डिटॉक्स किया जाता है. हमाम बनाने के लिए प्रक्रिया चल रही है, उम्मीद है कि यह जल्द ही आकार लेते हुए दिखाई देगा. इसके लिए कॉलेज परिसर में ही स्थान भी चिन्हित कर लिया गया है. यह मध्य प्रदेश का पहला सरकारी हमाम होगा.
भोपाल में है 300 साल पुराना हमाम
राजधानी भोपाल में करीबन 300 साल पुराना शाही हमाम-ए-कदीमी मौजूद है। यह सर्दी के मौसम में इसे गर्म किया जाता है। इसका निर्माण शाही मेहमानों के लिए कराया गया था। कहा जाता है कि इस हमाम में पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी स्नान करने आ चुके हैं। प्रिंसीपल प्रोफेसल मेहमूदा बेगम कहती हैं कि हमाम में जिस तरह जड़ी-बूटियों के तेज से मालिश के बाद जिस तरह अलग-अलग तापमान के पानी में नहलाया जाता है, उससे शरीर के रोमछिद्र खुलते हैं, रक्त संचार बेहतर होता है और इससे जिस्म को खासा फायदा पहुंचता है.