पटनाः खान सर की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं. कोचिंग खान ग्लोबल स्टडीज पर तलवार लटक रही है. यहां एक बार फिर फायर सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम जांच के लिए पहुंची. जहां कई खामियां मिलीं, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म जैसी व्यवस्थाओं में गड़बड़ियां पाई गईं. जिसकी वजह से विभाग ने नोटिस जारी किया. फायर सेफ्टी सिस्टम दुरुस्त करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है. दोबारा जांच में ठीक नहीं मिलने पर एक्शन लिया जाएगा. मालूम हो कि लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग लगने के बाद देश भर में फायर डिपार्टमेंट अलर्ट मोड पर है.
खान ग्लोबल स्टडीज कोटिंग सेंटर पटना के बोरिंग रोड पर स्थित है. सेंटर में अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा मानकों, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म सिस्टम, स्प्रिंकलर और अन्य सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच की. इंस्पेक्शन में कई महत्वपूर्ण कमियां अब भी बरकरार मिलने पर विभाग ने संस्थान को दोबारा नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों का समय दिया. दरअसल, पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब फायर विभाग की टीम कोचिंग सेंटर की जांच करने पहुंची है. इससे पहले 7 जून को हुए निरीक्षण में भी कई गंभीर खामियां सामने आई थीं.
क्या-क्या खामियां मिलीं
उस समय विभाग ने स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर स्टेयर, डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपायों को निर्धारित समय में दुरुस्त करने का निर्देश दिया था. मंगलवार को हुई ताजा जांच के बाद अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि संस्थान में कुछ सुधार कार्य जरूर शुरू हुए हैं, लेकिन अपेक्षित स्तर की प्रगति नहीं दिखी. उन्होंने कहा कि फायर स्टेयर का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है. वहीं स्प्रिंकलर और फायर डिटेक्टर सिस्टम अब भी पूरी तरह ऑटोमैटिक नहीं बनाए गए हैं. पंप हाउस की व्यवस्था की गई है, लेकिन विभाग के मानकों के अनुसार यह पर्याप्त नहीं मानी जा रही.
एंट्री-एग्जिट की व्यवस्था भी गड़बड़
जांच में यह भी सामने आया कि एंट्री और एग्जिट के पर्याप्त साधन नहीं हैं. फायर अलार्म सिस्टम को लेकर भी कई कमियां पाई गई हैं. अधिकारियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी भी आपात स्थिति में बड़ी संख्या में मौजूद छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था पूरी तरह मानकों के अनुरूप होनी चाहिए. फायर विभाग ने संस्थान को एक बार फिर 10 दिनों का समय दिया है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में सभी कमियों को दूर नहीं किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इससे पहले अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट भी संकेत दे चुके हैं कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने की स्थिति में कोचिंग संस्थान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं.