जोधपुर: जोधपुर ग्रामीण एसपी का पद आईपीएस पी.डी. नित्या की जगह उनके पति आईपीएस पंकज यादव संभालेंगे। राजस्थान में हाल ही हुए 18 IPS अधिकारियों के ट्रांसफर में इन दोनों अधिकारियों को भी इधर से उधर किया गया है, जो चर्चा में है।
14 जुलाई की रात जारी तबादला सूची के अनुसार, जोधपुर ग्रामीण एसपी पद पर तैनात IPS पी .डी नित्या का तबादला अब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जोधपुर (ACB) में बतौर एसपी किया गया है। वहीं, उनकी जगह कमांडेंट (1st बटालियन आरएसी, जोधपुर) के पद पर कार्यरत उनके पति IPS पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। यानी अब पति जहां ग्रामीण इलाके में कानून-व्यवस्था संभालेंगे, वहीं पत्नी भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा संभालेंगी।
छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली साल 2016 बैच की तेजतर्रार आईपीएस पी.डी. नित्या को शुरुआत में केंद्र शासित राज्यों के AGMUT कैडर मिला था। साल 2025 में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ‘मैरिज ग्राउंड’ के आधार पर उनका कैडर बदलकर राजस्थान कर दिया था। बताया जा रहा है कि आईपीएस नित्या गर्भवती हैं । जानकारी यह भी मिली है कि आईपीएस नित्या अब जल्द ही अपने पति को जोधपुर ग्रामीण एसपी की कुर्सी का चार्ज सौंपेगी।
बता दें कि राजस्थान आने के बाद महिला आईपीएस अधिकारी नित्या ने जोधपुर में डीसीपी (ईस्ट) की भी भूमिका निभा चुकी है। इसके बाद इन्हें जोधपुर ग्रामीण एसपी के रूप में कार्यभार मिला था। नित्या 2016 बैच की और वहीं पति पंकज यादव 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जो पहले भरतपुर में एएसपी रह चुके हैं। इसके बाद इनकी दूसरी नियुक्ति आरएसी प्रथम बटालियन कमांडेंट के तौर पर हुई थी। अब पंकज यादव पत्नी की जगह जोधपुर ग्रामीण एसपी के तौर पर सेवाएं देंगे। पंकज यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं ।