कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गुरूवार को भाई दूज के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा कांगड़ा थाने के तहत गुरुवार दोपहर कांगड़ा-कछियारी बाईपास पर हुआ, जब एक ओमनी वैन (नंबर HP01-D-5741) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डंगे से जा टकराई। हादसे में चालक कुलदीप कुमार (27) पुत्र होशियार सिंह और उसकी पत्नी तमन्ना (26) निवासी गांव भाटी, डाकघर स्कॉट, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि कुलदीप और तमन्ना अपने दो छोटे बच्चों सक्षम (5 वर्ष) और प्रियंका (3 वर्ष) को साथ लेकर किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। दोनों बच्चे हादसे के वक्त पीछे की सीट पर बैठे थे। हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन पीछे बैठे दोनों मासूम बच्चों को केवल हल्की चोटें आईं। ऐसे में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
भाटी गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। भाई दूज के दिन हुए इस हादसे और बच्चों के अनाथ होने की खबर ने सबको दुखी कर दिया। ऐसे में परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग यह विश्वास नहीं कर पा रहे कि चंद सेकण्डों में दो मासूम बच्चों के सिर से उनके माता-पिता का साया उठ गया। हमेशा मुस्कुराने वाले कुलदीप और उसकी पत्नी तमन्ना अब इस दुनिया में नहीं रहे। अब उनके दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। इस बीच कांगड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गाड़ी के अनियंत्रित होने की वजह तेज गति बताई जा रही है।