मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस ने 24 घंटे में चार मुठभेड़ में छह बदमाश पकड़े हैं। इनमें तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। बुढ़ाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पशु चोर गिरोह दबोचा है, जबकि नई मंडी पुलिस ने धोखाधड़ी से किस्तों पर वाहन खरीदकर शराब तस्करी का आरोपित पकड़ा है। वहीं खतौली में गोहत्यारा पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। बदमाशों के कब्जे से तमंचे समेत चोरी के पशु, पिकअप वाहन बरामद हुआ।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बुढ़ाना पुलिस जौला-कुरालसी मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी पिकअप वाहन आता देखकर उसे रुकने का इशारा किया। वाहन सवार बदमाश उतरकर जंगल की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने पीछा किया को बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ,
जवाबी कार्रवाई में शाहनूर पुत्र मोमीन निवासी बसौद, सिंघावली अहीर, बागपत पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथियों आलिम पुत्र नानू निवासी बसौद, सिंघावली अहीर, बागपत तथा जीशान पुत्र समयद्दीन गांव विज्ञाना, बुढ़ाना को कांबिंग के दौरान पकड़ा है। बदमाशों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, तमंचा और पिकअप वाहन बरामद हुआ। इनका एक साथी फरार है।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि विज्ञाना में अपने साथी जीशान व फरार साथी के संग मिलकर गांव सठेडी के मार्ग पर स्थित शाहनजर की डेरी का ताला तोडकर दो भैंस चोरी की थी। दोनो भैंस कुरालसी व निरपुडा के बीच जंगल में खेतों में बांध दी थी। मंगलवार रात भैंसों को लेकर विक्रय करने के लिए जा रहे थे। खतौली पुलिस ने अतरपुरा-मढ़करीपुर मार्ग बाइक सवार बदमाश शुऐब पुत्र इश्तियाक शाहजहां कालोनी लिसाड़ी गेट मेरठ को पकड़ा है। बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ है, जिस पर गोहत्या, लूट के मुकदमें दर्ज है।
उसके दो साथी फरार हैं। उधर, नई मंडी पुलिस ने मंगलवार रात को सिलाजुड्डी नहर पुलिया पर मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बाइक सवार बदमाश ओसामा पुत्र अहमद हसन घायल हो गया। बदमाश पर लगभग 12 मुकदमा दर्ज है। उसके पास से बाइक और तमंचा बरामद हुआ।
बुधवार प्रात: दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नायरा पेट्रोल पंप के निकट खड़े बदमाश को रुकने का इशारा किया तो वह फायरिंग करता हुआ ईंख के खेत में घुस गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश खुर्शीद पुत्र सद्दीक निवासी असरफ कालोनी, थानाभवन, शामली पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
वाहन खरीदकर कर रहा था शराब तस्करी
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गांव रथेड़ी निवासी रहीश पुत्र अनीश से लगभग 15 दिन पहले बदमाश खुर्शीद अशोक लीलेंड ट्रांसपोर्ट वाहन को किस्तों पर खरीदकर ले गया था। वाहन को खरीदने के बाद आरोपित ने उसकी किस्त भी जमा नहीं की थी। इस वाहन से हरियाणा राज्य से शराब तस्करी कर रहा था। चार जुलाई को पुलिस ने 150 पेटी अवैध शराब के साथ बरामद किया था।