लखनऊ। दिल्ली से गोंडा जा रही एक डबल डेकर बस में रविवार की अल सुबह लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर टोल प्लाजा के पास तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई। धुआं निकलते देख चालक ने बस रोक दी और आनन-फानन उसमें बैठे लोगों को उतारा गया। बस में 39 लोग सवार थे। इस बीच पुलिस और दमकल टीम को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मोबीन अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। इस बीच पूरी बस आज का गोला बन गई। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ी घटना होने से बच गई।
प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर ने बताया कि बिहार प्रदेश के नंबर की एक डबल डेकर बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। मौके पर स्थिति अब सामान्य है। बस में आग फैलने से पहले ही उसमें सवार यात्रियों को और उनके सामान को सुरक्षित निकाल लिया गया था। बस में 39 लोग सवार थे।
सभी यात्री सुरक्षित
रविवार को सुबह समय करीब 4:45 बजे दिल्ली से आगरा एक्सप्रेस वे होते हुए गोंडा जा रही बस नं. BR28P6333 में टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले अचानक पहिए में आग लग गई जिससे आग सारी बस में फैल गई तत्काल सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से उतार कर सभी को सेफ किया गया। तथा फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गई। कोई जनहानि नहीं हुई है।