उत्तर प्रदेश में आगरा-जयपुर हाईवे पर रविवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हुआ. एक आर्टिका कार ट्रक से जा भिड़ी, जिसमें निबोहरा थाने के हेड कांस्टेबल गौरव प्रताप सिंह समेत दो लोगों की मौत हो गई. हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी सीकरी से आगरा रेफर किया गया. पुलिस का कहना है कि राजस्थान के सूरतगढ़ से दबिश देकर लौट रही टीम की कार का ड्राइवर झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने मौके पर जाकर वाहन कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
तेज रफ्तार बाइक ने पुलिस दरोगा को मौत के घाट उतारा
प्रतापगढ़ जिले में सड़क हादसे की दूसरी गंभीर खबर सामने आई है. अंतू कोतवाली इलाके के सराय वीर भद्र हाइवे पर तेज रफ्तार डम्फर ने बाइक सवार दरोगा को टक्कर मार दी. इस हादसे में चित्रकूट के रहने वाले महानंद त्रिपाठी, जो महिला थाने में तैनात थे, की मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद थाने और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस में लगी आग, यात्री बाल-बाल बचे
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से गोंडा जा रही बस में पीछे का टायर फटने के कारण आग लग गई. बस में 40 यात्री सवार थे, लेकिन सभी सुरक्षित रहे. अग्निशमन और यात्रियों की तत्परता के कारण कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
भदोही में ट्रक और ट्रेलर की टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत
भदोही के नेशनल हाइवे 19 पर ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई. बिहार से कौशांबी की ओर जा रही सीमेंट से लदी ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रेलर में जा भिड़ी. हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. मौके पर ट्रक में सवार टुन्नी (20 वर्ष), निवासी कन्नौज, की मृत्यु हो गई, जबकि चालक शानू (20 वर्ष) बाल-बाल बच गया. गोपीगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया और ट्रेलर को भी सीज कर दिया.