हरियाणा बॉर्डर पर यूपी का धान फिर रोका गया:दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगीं

शामली। शामली में रविवार को हरियाणा-करनाल रोड स्थित हरियाणा बॉर्डर पर उत्तर प्रदेश से आ रहे धान को एक बार फिर रोक दिया गया। इस कारण यूपी बॉर्डर पर केरटू से लेकर बिडौली पुल तक दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे भारी जाम की स्थिति बन गई।

किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार हर साल की तरह इस बार भी गेहूं और धान के परिवहन पर रोक लगा रही है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश के किसान हरियाणा सरकार के नियमों के तहत ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर धान बेचने के लिए हरियाणा जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन यूपी के धान को रोक देता है।

किसानों का यह भी आरोप है कि रात के समय कुछ किसानों से ‘सुविधा शुल्क’ लेकर कुछ वाहनों को बॉर्डर पार कराया जाता है। इस अव्यवस्था के कारण मार्ग पर भारी जाम लग गया, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जाम के कारण कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल चलना पड़ा। सूचना मिलने पर बिडौली चौकी प्रभारी योगेन्द्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रॉन्ग साइड चल रहे वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली और अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।