भोपाल: भोपाल में चोरों को किसी का डर नहीं है, क्योंकि एक ही रात में एक साथ पांच फ्लैटों में चोरी का मामला सामने आया है. यह घटना मिसरोद थाना क्षेत्र में आने वाली पेसिफिक ब्लू रहवासी सोसायटी में हुई है, जहां चोर दीवार के तार काटकर सोसायटी में घुसे और एक ही रात में पांच फ्लैटों के ताले तोड़कर मौके से चोरी करके भाग निकले, घटना की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस ने सीसीटीवी खंगालें तो उसमें कुछ 3 से 4 संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं, जिसके बाद पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
चोरों ने की थी रैकी
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है, माना जा रहा है कि चोरों ने वारदात से पहले सोसायटी की रैकी की थी. क्योंकि जिस तरह से वह चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं, उससे लग रहा है कि उन्हें पहले से ही फ्लैट की जानकारी थी. घटना के बाद फरियादी राकेश कटारे ने बताया कि वह पेसिफिक ब्लू सोसायटी में मेंटेनेंस काम देखते हैं, शनिवार रात सोसायटी के अध्यक्ष राकेश तिवारी ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि कॉलोनी की रेलवे पटरी की ओर की दीवार के तार कटे हुए हैं और सीसीटीवी फुटेज चेक करने को कहा था, जिसके बाद इस चोरी का खुलासा हुआ है.
क्योंकि जब राकेश कटारे ने जब फुटेज देखे तो उसमें 3 से 4 लड़के रात में करीब 2 बजे के बाद कॉलोनी में घुसते नजर आए, इसके बाद जब वे अन्य रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे, तो ब्लॉक बी-02, बी-03 और सी-03 के फ्लैटों के ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. पीड़ित अरविंद गुप्ता और विकास खरे ने बताया कि वे दीपावली के कारण गांव गए हुए थे, उनके घर की अलमारी में रखे पुराने सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब हैं. जबकि अन्य तीन फ्लैटों में तोड़फोड़ के बावजूद कोई कीमती सामान चोरी नहीं हुआ है.
माना जा रहा है कि चोरों ने मौके का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है, क्योंकि त्योहारी सीजन होने की वजह से कई लोग अपने घरों की तरफ निकले हैं, ऐसे में चोरों ने फ्लैटों को निशाना बनाया है.