शिमला. हिमाचल प्रदेश में चुराह की मुस्लिम युवती से विवाद के बाद भाजपा विधायक हंस राज ने माफी मांगी है. उन्होंने लड़की के लाइफ स्टाइल पर सवाल उठाते हुए कहा था कि बद्दी में रहने वाली लड़की के पास आईफोन, फ्लैट कैसे आए और साथ ही वह ब्राडेंड कपड़े कैसे पहनती है. ऐसे में बद्दी को लेकर की टिप्पणी पर विधायक घिर गए थे और अब उन्होंने इसी मुद्दे पर माफी मांगी.
विधायक ने कहा कि मामला गंभीर है और इसलिए उन्हें लगता है कि समस्त हिमाचल से माफी मांगनी चाहिए. विधायक ने कहा कि हमारी जवाबदेही चुनाव तक नहीं है. पूरे हिमाचल को हमसे उम्मीद है. हमने हिमाचल की बात अलग अलग मंचों पर की है. लेकिन राजनीति आपको पता है कि षड़यंत्र होते हैं. उन्होंने कहा कि मेरी मंशा ऐसी नहीं थी. मैं सच में माफी उन लोगों से भी मांगता हूं, जिन्हें मुझसे उम्मीदें हैं. मैंने सभी को नहीं कहा था, मैंने उस व्यक्ति को कहा है, जिसने चुराह पर लांछण लगाया है.
अपने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में विधायक ने कहा कि जो समाज में महत्वपूर्ण है, वही हमेशा हमारी प्राथमिकता रहा है. नेता और जनता के बीच संबंध सिर्फ़ चुनाव तक सीमित नहीं होता, यह सामाजिक अनुबंध और जवाबदेही का रिश्ता है. मैं करबद्ध होकर आपको विश्वास दिलाता हूँ कि किसी भी तरह का शारीरिक या मौखिक दुराचार हमने किसी के साथ नहीं किया है और ना ही इस तरह का आरोप सिद्ध है. यह सिर्फ़ और सिर्फ़ चुराह के मजबूत और सशक्त नेतृत्व को कमजोर करने का षड्यंत्र कुछ तथाकथित लोगों द्वारा रचित है.
विधायक ने कहा कि सम्पूर्ण हिमाचल और विशेषकर औद्योगिक राजधानी नालागढ़-बद्दी वासियों से मेरा विशेष अनुरोध है कि आप प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ की हड्डी हैं और प्रदेश के विकास में आपका अहम योगदान है. मीडिया ने एक ऐसा नैरेटिव गढ़ा कि मैं क्षुब्ध हूँ, जबकि लाइफस्टाइल को लेकर मेरा प्रश्नचिह्न सार्वजनिक नहीं था. अतः एक बार फिर मेरा आपसे निवेदन है, इस लड़ाई में चंबा-चुराह का साथ दें और आपकी जो आशापूर्ण जिम्मेदारी मेरे साथ जुड़ी है, उसे ठेस पहुँची है, इस हेतु मैं आप सभी से माफ़ी चाहता हूँ.
बद्दी को लेकर बयान पर घिर गए थे हंस राज
दरअसल, जिस युवती ने विधायक पर धमकाने के आरोप लगाए हैं वह बद्दी में रहती है और वहां नौकरी करती है. विधायक ने टिप्पणी की थी कि बद्दी में नौकरी करने वाली युवती आईफोन और फ्लैट कैसे ले सकती है. इस पर बद्दी में नौकरी करने वाले लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगी थी और लोग सवाल पूछ रहे थे कि क्या बद्दी में नौकरी करने वाले लोग अच्छा लाइफस्टाइल नहीं रख सकते हैं. गौर रहे है कि सोलन जिले का बद्दी इंडस्ट्रियल एरिया है और काफी फैक्ट्री है, जिनमें हिमाचल के अलावा, यूपी-बिहार के मजदूर काम करते हैं.