यूपी में पशु तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान, आधी रात को फिर हुआ एनकाउंटर

UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश में पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चला रखा है। इसके तहत शुक्रवार की आधी रात को फिर एनकाउंटर हुआ है। इस बार प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस और पशु तस्करों के बीच गोलियां तड़तड़ाईं। इसमें पैर एक पशु तस्कर को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया। उसे इलाज के लिए देवरिया के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बता दें कि एक दिन पहले ही लखनऊ एसटीएफ और आजमगढ़ पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में 50 हजार रुपए के इनामी पशु तस्कर को एनकाउंटर में मार गिराया गया था। मारे गए बदमाश की पहचान 27 साल के वाकिब उर्फ वाकिफ के रूप में हुई थी। वह आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। देवरिया में पकड़े गए पशु तस्कर का नाम मुबारक है।

वह पड़ोसी राज्य बिहार के सिवान जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहास का रहने वाला है। मुबारक के खिलाफ 2023 में पशु तस्करी का केस दर्ज किया गया था। वह इस मामले में फरार चल रहा था। आधी रात के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वह खरवनिया बंधे के पास है और मोटर साइकिल से जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई और घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही फायर झोंक दिया। पुलिस टीम ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई में पशु तस्कर के पैर में गोली लग गई। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज पहुंचाया। एएसपी सुनील सिंह ने बताया कि पशु तस्कर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पैर में गोली लगने के बाद उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर में पशु तस्करों कर दी थी हत्या
बता दें कि इस साल सितम्बर में गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में पशु तस्करों ने नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र की गोली मार कर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद तस्कर छात्र के शव को उठा ले गए थे। उन्होंने घर से करीब चार किलोमीटर दूर शव को फेंका था और फरार हो गए थे। इस घटना में एक तस्कर भीड़ के हाथों बुरी तरह पिटाई का शिकार हुआ था जिसकी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। एक अन्य आरोपी पशु तस्कर ज़ुबैर उर्फ कालिया रामपुर में एसटीएफ के हाथों एनकाउंटर में मारा गया था। नीट छात्र की हत्या और पशु तस्करी में शामिल रहने के आरोपी कई अन्य बदमाश तबसे पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। प्रदेश भर में पुलिस का अभियान जारी है।