मुजफ्फरपुर: बिहार चुनाव 2025 में सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। महुआ सीट से जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी 10-15 सीटें जीतकर मजबूती से उभरेगी। उन्होंने सरकार किसकी बनेगी इस सवाल पर कहा कि 14 नवंबर को नतीजों के साथ सब साफ हो जाएगा। दूसरी ओर गायघाट में एक व्यक्ति की मौत को लेकर सियासत गरमा गई है। प्रशासन ने इसे अफवाह बताकर वोट गलत जगह डालने की सजा वाली खबरों को खारिज किया, लेकिन चिराग पासवान ने इसे राजनीतिक हत्या बताया और राजद समर्थकों पर आरोप लगाया।
इधर बयानबाजी का सिलसिला और तीखा हो गया है। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाया, तो आरजेडी सांसद मनोज झा ने NDA को कटाक्ष करते हुए कहा कि वोटिंग प्रतिशत नहीं, जनता का मूड देखना चाहिए और आरोप लगाया कि पीएम बिहार में कट्टा पॉलिटिक्स कर रहे हैं। उधर किशनगंज की रैली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर “वोट चोरी” का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस देश को बांटने में लगी है, जबकि इंडिया गठबंधन जोड़ने की लड़ाई लड़ रहा है।
बिहार में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा चुनाव के बाद राज्य में महागठबंधन की सरकार बनने के दावे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने तेजस्वी को जंगलराज का राजकुमार बताते हुए आरोप लगाया कि वह आरक्षण के नाम पर जातीय ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं। विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है और 14 नवंबर को नतीजे बता देंगे कि जनता ने उन्हें नकार दिया है।
बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से पहले मतदान दलों को ईवीएम और पोल सामग्री के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया। 11 नवंबर को होने वाली वोटिंग के लिए प्रशासन ने मतदान कर्मियों की तैनाती, परिवहन व्यवस्था और सामग्री वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मतदान दलों की रवानगी के साथ ही जिले में चुनावी तैयारियों ने अंतिम रूप ले लिया है।
पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद सैयद नासिर हुसैन ने बिहार चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा है कि अगर महागठबंधन को मौका मिला तो वह यह साबित करेगी कि भूमि से घिरे राज्य में भी तीव्र विकास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि, ‘अमित शाह कहते हैं कि बिहार में जमीन नहीं है इसलिये उद्योग नहीं लग पा रहे हैं और नीतीश कुमार कहते हैं कि समुद्र नहीं है इसलिये तरक्की नहीं हो पा रही, लेकिन हम दिखाएंगे कि अगर नीयत हो तो बिना समुद्र के भी प्रगति की राह बनाई जा सकती है। उन्होने दावा किया कि हमारी पार्टी ने कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में सारे चुनावी वादे पूरे किये हैं और बिहार में भी सरकार बनते ही हर परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा निभाया जायेगा।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए राजद नेता और महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा तंज कसा। तेजस्वी ने कहा कि पीएम मोदी हाल की चुनावी रैलियों में जिस तरह के गाने गा रहे थे, उसे समझना मुश्किल है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए पूछा कि “पता नहीं, इन दिनों वे कौन-सी वेब सीरीज़ देख रहे हैं और उन्हें इतना फुर्सत का समय कैसे मिल जाता है कि वह इस तरह के प्रयोग करें?” तेजस्वी के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
बिहार चुनाव 2025 के बीच महुआ सीट से उम्मीदवार और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि उनकी पार्टी इस चुनाव में 10-15 सीटें जीतकर मजबूती दिखाएगी। मीडिया से बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि बिहार में किसकी सरकार बनेगी, तो उन्होंने कहा कि इसका फैसला 14 नवंबर को नतीजों के साथ साफ होगा। तेज प्रताप ने कहा, “हम जीतेंगे…लेकिन मैं सर्वज्ञानी नहीं हूं, इसलिए अभी कुछ नहीं कह सकता। 14 नवंबर को सब पता चल जाएगा।” उनके इस बयान ने चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है।
बिहार चुनाव के बीच मुजफ्फरपुर के गायघाट विधान
सभा क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शनिवार को DM कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे वोट गलत जगह डालने की सजा बताए जाने वाली खबरों को भ्रामक, तथ्यहीन और आधारहीन बताया। प्रशासन के अनुसार व्यक्ति की मौत चुनावी रंजिश नहीं, बल्कि जलेबी के पेड़ से पत्ता तोड़ने को लेकर हुए विवाद में धक्का-मुक्की के दौरान गिरने से हुई थी। DM ने अफवाहों से बचने और सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की। हालांकि, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने ट्वीट कर रिपोर्ट को खारिज करते हुए इसे राजद समर्थकों द्वारा की गई राजनीतिक हत्या बताया और कहा कि यह जंगलराज की मानसिकता की वापसी है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की और बताया कि लोजपा के सांसद व पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे।
बेतिया में भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मृत वोटरों के 18 लाख नाम हटाना, डुप्लिकेट वोटर सूची साफ करना और घुसपैठियों से पहचान का सबूत मांगना इन्हें पसंद नहीं क्योंकि उनका वोट बैंक प्रभावित होता है। उन्होंने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस को झूठ का पुलिंदा बताया और कहा, “राहुल को खुद नहीं पता वह क्या बोलते हैं, चार साल में वरिष्ठ नागरिक हो जाएंगे, फिर भी समझ नहीं आई।” जायसवाल ने दावा किया कि पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान दर्ज हुआ और नतीजों का अंदाज़ा कर तेजस्वी-राहुल की नींद उड़ गई है, अब वे सत्ता नहीं बल्कि “20 सीटें जीतने की कोशिश” में लगे हैं।
आरजेडी सांसद मनोज झा ने पटना में दूसरे चरण की वोटिंग से पहले कहा कि चुनाव में आंकड़ों से ज्यादा जनता के मूड को समझने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि 2020 के चुनाव में तेजस्वी यादव ने रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य को उठाया था, वे अब परिपक्व हो चुके हैं और बिहार की जनता के मन में गहराई से बसे हुए हैं। झा ने आरोप लगाया कि यूपी और असम के मुख्यमंत्री बिहार में चुनावी माहौल की पिच बदलने आए, मगर लोग उन्हें नकार रहे हैं। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि PM बिहार में कट्टा पॉलिटिक्स खेल रहे हैं, जबकि जनता उनसे गुजरात की तरह निवेश, अगले पांच साल का रोडमैप और पिछले 20 वर्षों का मूल्यांकन पूछ रही है। मनोज झा ने दावा किया कि पहले चरण में भाजपा के खिलाफ लगभग दो-तिहाई वोट पड़े और दूसरा चरण भी इसी या उससे बेहतर रुझान दर्ज कर सकता है।
किशनगंज की चुनावी रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इंडिया गठबंधन देश को जोड़ने की लड़ाई लड़ रहा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि “वोट चोरी” के आरोपों पर न तो मोदी, न शाह और न ही चुनाव आयोग के पास कोई जवाब है, क्योंकि अब सच जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि “मोदी-शाह जहां भी चले जाएं, अंततः ‘वोट चोरी’ में पकड़े ही जाएंगे।”