मुजफ्फरनगर में गन्ना लदे ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत: बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर हादसा

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में कांधला रोड पर एक गन्ना लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसके चालक की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान भसाना गांव निवासी प्रवीण पुत्र मदन के रूप में हुई है। यह हादसा ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार, प्रवीण कुरावा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर बजाज शुगर मिल ले जा रहा था। बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर तेज गति के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और उसका एक्सल टूट गया। गन्ना से भरी ट्रॉली खेत में पलट गई, जिसके नीचे प्रवीण दब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़ाना प्रभारी सुभाष अत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रवीण को बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई। राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को बुढ़ाना सीएचसी भेजा, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक प्रवीण अपने पीछे पत्नी कोमल और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। उसकी बड़ी बेटी प्राची की उम्र 3 साल और छोटी बेटी मानु की उम्र डेढ़ साल है। प्रवीण की पत्नी कोमल गर्भवती भी हैं। गांव वालों ने बताया कि प्रवीण मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।