मुसीबतें भी कम नहीं कर रही अन‍िल अंबानी का हौंसला, कर्मचार‍ियों के लि‍ए क‍िया यह बड़ा ऐलान

Reliance Group ESOP: अन‍िल अंबानी और उनकी कुछ कंपन‍ियां इन द‍िनों बुरे दौर से गुजर रही हैं. इसके बावजूद उनके र‍िलायंस ग्रुप ने अपनी दो कंपनियों रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर (Reliance Infra) और रिलायंस पावर (Reliance Power) में पहल पहली बार कर्मचारी स्टॉक ऑप्शन प्लान (ESOP) का ऐलान क‍िया है. यह प्‍लान दोनों कंपन‍ियों के कुल 2,500 कर्मचारियों को कवर करेगा. ग्रुप की तरफ से जारी बयान में कहा गया क‍ि इस पहल से यह साफ होता है क‍ि हमारे कर्मचारी हमारी सबसे बड़ी संपत्ति हैं.

शेयरहोल्‍डर्स से कब दी मंजूरी?
3 नवंबर 2024 को शेयरहोल्‍डर्स की तरफ से ESOP देने की मंजूरी दी गई थी. ग्रुप की तरफ से बताया गया क‍ि ज्‍यादातर कर्मचारी अपनी लॉयल्टी और टर्नअराउंड जर्नी में योगदान के सम्मान में 10 रुपये प्रति शेयर के फेस वैल्यू पर ऑप्शन एक्सरसाइज कर सकेंगे. र‍िलायंस ग्रुप की तरफ से उठाया गया यह कदम कर्मचारियों को कंपनी की सफलता में ह‍िस्‍सेदार बनाने की कोश‍िश है.

क्‍या है ESOP
ESOP यानी एम्‍पलायी स्‍टॉक ऑप्‍शन प्‍लान (Employee Stock Option Plan) कंपनी का एक प्रोग्राम है, जिसमें कर्मचारियों को कम कीमत पर कंपनी के शेयर खरीदने का अध‍िकार द‍िया जाता है. उदाहरण की बात करें तो रिलायंस ने 10 रुपये फेस वैल्यू पर ESOP दिया है. कर्मचारी बाद में ये शेयर मार्केट प्राइस पर बेचकर मुनाफा कमा सकते हैं. इससे कर्मचार‍ियों में कंपनी में मालिकाना हक हास‍िल करने की भावना आती है. कर्मचारी मेहनत से कंपनी को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं और इससे उनका फायदा भी होता है. यह कर्मचार‍ियों को लॉन्‍ग टर्म, वफादारी और उनके प्रदर्शन को र‍िवॉर्ड देने का तरीका है. आसान शब्‍दों कहा जा सकता है कंपनी का हिस्सा बनो, प्रॉफ‍िट में साझेदार बनो.

एक नजर में रिलायंस ग्रुप
र‍िलायंस इंफ्रा और र‍िलायंस पावर में 50 लाख से ज्‍यादा निवेशक हैं. रिलायंस ग्रुप की तरफ से मौजूदा समय में 28,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार द‍िया जाता है और लाखों कस्‍टमर को सर्व‍िस दी जाती है. ग्रुप की कुल एसेट वैल्यू 1,07,123 करोड़ रुपये है, जबकि नेटवर्थ 40,856 करोड़ रुपये है. यह ESOP कर्मचारियों के योगदान को मंजूरी देने के साथ ही कंपनी मजबूती को भी द‍िखाता है.