Karnataka Crime: कर्नाटक के कलबुर्गी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपनी ही 18 साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी, क्योंकि वह दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी. पुलिस ने आरोपी पिता शंकर कोल्लूर को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता की पहचान नर्सिंग की छात्रा कविता के रूप में हुई है, जो मेलकुंडा गांव की रहने वाली थी.
पुलिस के मुताबिक, शंकर ने 28 अगस्त को कविता को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया था. उसने दावा किया कि उसने खुदकुशी कर ली है और फिर गांव में ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया. इसके बाद फरहताबाद थाने को मामले को छुपाने की एक गुप्त सूचना मिली. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. जबकि इस मामले को दबाने के आरोप में आरोपी के दो रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस कमिश्नर ने कहा
कलबुर्गी शहर के पुलिस कमिश्नर शरणप्पा एस.डी. ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि शंकर की पांच बेटियों में से एक कविता का उसी गांव के एक लड़के के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस ने बताया कि कविता लिंगायत जाति से थी, जबकि उसका प्रेमी कुरुबा कम्युनिटी से था. लड़की के परिवार वालों इस रिश्ते की जानकारी इस हत्या से तीन महीने पहले ही मिली थी. पुलिस के मुताबिक , शंकर इस रिश्ते के खिलाफ था और उसने कविता से रिश्ता खत्म करने के लिए कहा, लेकिन कविता ने इससे इनकार कर दिया.
250 लोगों के बीच लड़की का अंतिम संस्कार किया
पुलिस ने बताया कि शंकर ने कथित तौर पर कविता के मुंह में कीटनाशक डालकर उसकी हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया कि उसने खुदकुशी कर ली है. इसके बाद, उसने करीब 250 गांववालों की मौजूदगी में अपने भाई की जमीन पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया.
पिता ने जुर्म कबूल किया
लेकिन, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस घटना की जांच की और सबूत इकट्ठा करने के लिए कई अफसरों ने फोरेंसिक टीमों के साथ घटनास्थल का दौरा किया. जांच के बाद आरोपी पिता शंकर ने कविता की गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल की. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.