मुजफ्फरनगर में विकास कार्यों पर बारिश का असर: 2 करोड़ की योजनाएं अटकीं

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर नगरपालिका की शहर को नया रूप देने की योजनाएं बारिश के कारण रुक गई हैं। नगर पालिका परिषद ने 15 से अधिक विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों की योजना बनाई थी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण देवी अहिल्याबाई होल्कर चौराहे का सौंदर्यीकरण है।

भूमि पूजन के बाद भी लगातार बारिश के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है। कई वार्डों में नाली और सड़क निर्माण का कार्य भी रुका हुआ है। कुछ स्थानों पर ठेकेदारों ने सड़क खोदकर काम शुरू किया था। लेकिन तेज बारिश से स्थिति बिगड़ गई। इससे जलभराव और यातायात की समस्याएं बढ़ गई हैं।

पालिका प्रशासन की योजना में जिला अस्पताल परिसर में देवी अहिल्याबाई होल्कर का स्मारक बनाना है। इसके अलावा पार्क और साइड पटरी निर्माण, नई मंडी डाकघर के पास डैन्स रोड, विश्वकर्मा चौक से टिकैत चौक तक राजवाहा डैन्स रोड और अंसारी रोड का निर्माण शामिल है। इन सभी कार्यों की अनुमानित लागत करीब 2 करोड़ रुपए है।

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के अनुसार शहर के विकास के लिए बजट और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मौसम साफ होते ही सभी अधूरे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएंगे।

अहिल्याबाई होल्कर चौराहा सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट को उन्होंने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का बताते हुए कहा कि यह योजना शहर के गौरव से जुड़ी है। शहर में 200 निर्माण कार्य पहले से प्रक्रियागत हैं, जबकि अब 300 से अधिक नए विकास कार्यों का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

इन्हें अगली बोर्ड बैठक में सदन की सहमति के लिए रखा जाएगा। इनमें सीसी सड़कों नालियों साइड पटरी जलनिकासी पथ-प्रकाश और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के प्रस्ताव शामिल हैं। भोपा रोड और शांतिनगर समेत कई इलाकों में करोड़ों रुपए की लागत से नए प्रोजेक्ट लाने की तैयारी भी है।