मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के चलते सभी स्कूल बंद, बिजली भी रहेगी गायब

मुजफ्फरनगर। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बुधवार को भी सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर एहतियातन बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने आदेश जारी करते हुए कहा कि जनपद के सभी बोर्डों से सम्बद्ध कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 3 सितंबर (बुधवार) को बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी ने यह कदम छात्रों की सुरक्षा और आवागमन में हो रही दिक़्क़तों को ध्यान में रखते हुए उठाया है। प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे आदेश का पालन सुनिश्चित करें। इसका असर जिले के सरकारी और निजी सभी विद्यालयों पर लागू होगा।

मुजफ्फरनगर में 3 सितंबर को तीन घंटे इन इलाकों में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

मुजफ्फरनगर। विद्युत वितरण निगम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आगामी 3 सितंबर (बुधवार) को शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

गांधी कॉलोनी स्थित 33/11 के.वी. विद्युत उपकेंद्र से निर्गत 11 के.वी. आदर्श कॉलोनी फीडर पर सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते लाइन शिफ्टिंग की जाएगी। इस कारण सुबह 10:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक शटडाउन रहेगा।
इस दौरान आदर्श कॉलोनी मेन रोड, देवपुरम, लिंक रोड, पीपल वाली गली, चरण सिंह मार्ग, विश्वकर्मा चौक, गंगा विहार समेत आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समयावधि के शटडाउन के दौरान धैर्य बनाए रखें और आवश्यक कार्य पहले से निपटा लें।