प्रयागराज: कातिल ने किस सफाई से धोई है आस्तीं उसको खबर नहीं कि लहू बोलता भी है। कुछ ऐसा ही प्रयागराज में देखने को मिला जहां सेना के एक जवान ने अपनी 17 वर्षीय प्रेमिका का बेरहमी से कत्ल कर लाश को दफना दिया। फिर बेफिक्री से अपनी शादी के लिए शॉपिंग करता रहा। हालांकि प्रेमिका की किताब में मिले एक मोबाइल नंबर ने पुलिस को कातिल फौजी तक पहुंचा दिया। प्रयागराज पुलिस ने बारहवीं की छात्रा के हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
बता दें कि 15 नवंबर को गंगानगर के थरवई थाना क्षेत्र के लखरावां गांव के पास निर्जन स्थान पर एक लड़की की डेड बॉडी मिली, जिसको मिट्टी में दफनाया गया था। गांव वालों ने देखा था कि एक मिट्टी के टीले के पास कुत्ते कुछ खोद रहे हैं। उन्हें जब एक हाथ दिखाई दिया तो पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकालवा कर शिनाख्त शुरू किया। शव के गले में दुपट्टा कसा था, गले-पीठ पर धारदार हथियार का घाव था। लड़की के शव मिलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
फौजी से शादी करने का सपना
उसी स्थान से कुछ दूरी पर पुलिस ने एक स्कूल बैग और स्पोर्ट्स शूज भी बरामद किया। बैग में एक किताब में मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस को पता चला कि डेड बॉडी एक स्कूली छात्रा का है, जिसकी किडनैपिंग का मुकदमा कैंट थाना में 10 नवंबर को दर्ज हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू किया तो पता चला मृतक लड़की कैंट क्षेत्र में मामा के यहां रहकर पढ़ाई करती थी और वह 12वीं कक्षा की छात्रा थी। इसकी उम्र लगभग 17 वर्ष थी। वो किसी फौजी से शादी करना चाहती थी।
प्रेमी में गड्ढा खोद दफनाया
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत और मनीष कुमार शांडिल्य डीसीपी नगर ने बताया कि मृतिका छात्र का सेवा के नायक पद पर तैनात हर्षवर्धन सिंह उर्फ दिलीप सिंह से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क हुआ। बाद में यह प्रेम प्रसंग में बदल गया। 26 वर्षीय आरोपी हर्षवर्धन सिंह उर्फ दीपक पुत्र रणधीर सिंह कुसुंगुर थाना थरवई जनपद प्रयागराज का रहने वाला है।
मृतका आरोपी हर्षवर्धन उर्फ दिलीप से शादी करना चाहती थी, लेकिन दिलीप की शादी पहले ही तय थी, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। जानकारी हुई तो वह हर्षवर्धन से सगाई को तोड़ने और उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी।
मंदिर से फावड़ा लाकर दफनाया शव
हर्षवर्धन उर्फ दिलीप की शादी आगामी 30 नवंबर को तय थी। हर्षवर्धन ने मृतका को मिलने के बहाने बुलाया जहां दोनो मे तीखी बहस हुई। हर्षवर्धन ने चाकू से मृतका के शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने घटनास्थल के पास स्थित एक मंदिर से फावड़ा लाकर नाले के पास शव को मिट्टी मे दबा दिया था। थाना कैंट पुलिस ने आरोपी को 17 नवंबर को पुराना पुल मनसईता नदी से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक चाकू और घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद किया।
सिंदूर लेकर निकली, मिली मौत
सेना में नायक हर्षवर्धन उर्फ दिलीप सिंह ने नाबालिक छात्रा को भरोसे में लिया और कहा चलो आज शादी कर लेते हैं। लड़की ने खुशी-खुशी सिंदूर की डिबिया खरीदी। बैग तैयार किया और हर्षवर्धन के साथ निकल गई। दिनभर हर्षवर्धन शहर में घूमता रहा, फिर शाम को थरवई में अपने घर की तरफ बढ़ा, लेकिन घर से करीब डेढ़ किलोमीटर निर्जन स्थान पर रुका। बात-बात में बहस शुरू हुई तो दिलीप ने प्रेमिका का गला उसके दुपट्टे से कस दिया और चाकू से गोद डाला। लाश को गड्ढा खोद दबा दिया। बैग को दूर फेंक दिया। इस बैग में सिंदूर की डिब्बी पड़ी रह गई।