हिमाचल में इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल-काॅलेज, ऑनलाइन लगेंगी कक्षाएं, आदेश जारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जारी तबाही के बीच राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और डाइट को फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया है। इस दाैरान ऑनलाइन कक्षाएं लगानी होंगी। बुधवार दोपहर इस संबंध में आदेश जारी किए गए। विद्यार्थियों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार की ओर से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी सरकारी-निजी कॉलेज व स्कूल, डाइट 7 सितंबर तक बंद रहेंगे। शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों को भी कॉलेज-स्कूल आने से छूट दी गई है। हालांकि, संबंधित संस्थानों के प्रमुख यह सुनिश्चित करेंगे कि जहां तक संभव हो, कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएं। छुट्टियों के दाैरान संस्थान प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के बुनियादी ढांचे और चल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क रहें। यदि स्कूल की संपत्ति क्षतिग्रस्त हो जाती है या इन संपत्तियों के क्षतिग्रस्त होने की संभावना है, तो चल संपत्तियों और स्कूल रिकॉर्ड की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से जारी आदेशों के अनुसार प्रदेश राज्य में पिछले कई दिनों से सभी क्षेत्रों में लगातार भारी से लेकर बहुत भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण व्यापक भूस्खलन,पेड़ों का गिरना, सड़कें अवरुद्ध होना, बिजली और पेयजल आपूर्ति में रुकावटें और पूरे राज्य में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, मौजूदा खराब मौसम की स्थिति के कारण पूरे प्रदेश में कई स्थानों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की आंशका है।

प्रदेश कुछ भागों में इतने दिन बरसेंगे बादल
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ भागों में 9 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान है। आज बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमाैर, किन्नाैर व लाहाैल-स्पीति में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 4 व 5 सितंबर के लिए कुछ स्थानों के लिए येलो अलर्ट है। हालांकि, आज रात से माैसम में सुधार की संभावना है। 4 से 8 सितंबर तक कुछ स्थानों पर ही बारिश हो सकती है। वहीं बीती रात को नयना देवी में 136.0, जोत 100.6, पच्छाद 77.0, कोठी 68.4, चंबा 66.0, बिलासपुर 60.4, रोहड़ू 60.0, मनाली 57.0, पालमपुर 52.6, कसौली 49.5, कंडाघाट और ददाहू 48.0, सराहन 44.5, सोलन 43.6, काहू 4 43.5 व मालरांव में 40.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मानसून में अब तक 341 लोगों की माैत
प्रदेश में जारी बारिश के बीच मानसून सीजन के दौरान अभी तक कुल 3,52,541.58 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 2 सितंबर तक 341 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। 389 लोग घायल हुए हैं। 41 लोग अभी भी लापता हैं। इस दौरान 159 लोगों की सड़क हादसों में मौत हुई है। बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ से अब तक 4,983 कच्चे-पक्के घरों, दुकानों को क्षति हुई है। 4,008 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 1,912 पालतु पशुओं की मौत हुई है।